
कोलकाता, 21 अप्रैल । पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव को स्वतंत्र, शांतिपूर्ण और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से लोक भवन, पश्चिम बंगाल ने 24×7 नागरिक हेल्पलाइन सेवा शुरू करने की घोषणा की है।
राज्यपाल आर एन रवि की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि हाल के दिनों में अनेक जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने चुनाव पूर्व तथा चुनाव के बाद संभावित हिंसा को लेकर गंभीर आशंका व्यक्त की है। कई लोगों ने पिछले चुनावों के दौरान हिंसा, मताधिकार में बाधा, शारीरिक हमले और परिवार के सदस्यों पर अत्याचार जैसी घटनाओं का उल्लेख किया है।
लोक भवन ने कहा कि राज्य में पूर्व चुनावों के दौरान व्यापक हिंसा के इतिहास को देखते हुए भारत निर्वाचन आयोग ने निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए सख्त सुरक्षा व्यवस्था की है। इसी क्रम में नागरिकों की सहायता और शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए यह विशेष हेल्पलाइन प्रारंभ की गई है।
विज्ञप्ति के अनुसार, इस पहल का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक मतदाता को बिना किसी भय या दबाव के लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भाग लेने का अवसर देना है। हेल्पलाइन शिकायत दर्ज करने, त्वरित सहायता उपलब्ध कराने और संबंधित संस्थागत मार्गदर्शन देने का कार्य करेगी।
लोक भवन ने भरोसा दिलाया है कि प्राप्त सभी शिकायतों और आवेदनों पर संवेदनशीलता तथा पूर्ण गोपनीयता के साथ विचार किया जाएगा।
सभी मतदाताओं से अपील करते हुए कहा गया है कि लोकतंत्र के इस महापर्व में उत्साहपूर्वक भाग लें और अपने मताधिकार का अवश्य प्रयोग करें।
नागरिक 24×7 हेल्पलाइन नंबर 033-2200-1022, 033-2200-1023, 033-2200-1025, 033-2200-1026, 033-2200-1027, 033-2200-1028, 033-2200-1029 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा lokbhavanbengalhelpline@gmail.com पर भी शिकायत या सूचना भेजी जा सकती है।
