नुसरत जहां को ईडी का समन, बुधवार को होना होगा हाजिर

कोलकाता, 21 अप्रैल । अभिनेत्री और पूर्व तृणमूल कांग्रेस सांसद नुसरत जहां को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पुराने फ्लैट धोखाधड़ी मामले में फिर से समन भेजा है। उन्हें बुधवार को सीजीओ परिसर स्थित कार्यालय में उपस्थित होने को कहा गया है। इससे पहले भी इस मामले में केंद्रीय एजेंसी ने उनसे पूछताछ की थी।

मिली जानकारी के अनुसार, राजारहाट क्षेत्र में फ्लैट दिलाने के नाम पर कथित धोखाधड़ी की शिकायत के आधार पर जांच चल रही है। जिस कंपनी पर आरोप लगे थे, उसमें नुसरत जहां निदेशकों में शामिल थीं।

सूत्रों के मुताबिक, पिछले कुछ महीनों में जांच एजेंसी को मामले से जुड़े कई नए तथ्य मिले हैं। इन्हीं जानकारियों के आधार पर उन्हें दोबारा तलब किया गया है।

इस मामले का राशन गेहूं तस्करी प्रकरण से कोई संबंध नहीं है। नुसरत जहां का नाम उस मामले में कभी सामने नहीं आया था।

उल्लेखनीय है कि नुसरत को समन भेजे जाने का मामला सामने आने के बाद तृणमूल ने दावा किया था कि राशन वितरण भ्रष्टाचार मामले में जबरदस्ती उनका नाम जोड़ा जा रहा है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *