पांडवेश्वर में दहाड़े हिमंत बिस्वा सरमा, रोड शो बना जनसैलाब का महासागर

जितेंद्र तिवारी के समर्थन में ऐतिहासिक शक्ति प्रदर्शन,सरमा का ममता बनर्जी पर तीखे हमले

पांडवेश्वर। विधानसभा चुनाव के पहले चरण के प्रचार के अंतिम दौर में पांडवेश्वर की फिज़ा उस वक्त पूरी तरह सियासी रंग में रंग गई, जब असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने भाजपा प्रत्याशी जितेंद्र तिवारी के समर्थन में एक विराट और जोशीला रोड शो किया।
दुर्गापुर-फरीदपुर ब्लॉक के गौरबाजार से निकला यह काफिला जनसैलाब में तब्दील हो गया। हर ओर भाजपा के झंडे, गगनभेदी नारे और उत्साहित समर्थकों की भीड़ ने माहौल को पूरी तरह चुनावी उत्सव में बदल दिया। खुली गाड़ी में सवार सरमा ने हाथ हिलाकर अभिवादन स्वीकार किया, वहीं जनता का उत्साह भी चरम पर नजर आया।
मीडिया से मुखातिब होते हुए हिमंत बिस्वा सरमा ने ‘नारी शक्ति बिल’ को लेकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण के इस ऐतिहासिक अवसर का विरोध करना बंगाल की महिलाओं के साथ अन्याय है, और अब प्रदेश की महिलाएं इसका जवाब लोकतांत्रिक तरीके से देंगी।
कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर भी उन्होंने सख्त तेवर अपनाते हुए कहा कि तृणमूल कांग्रेस के संरक्षण में पल रहे अपराधियों के लिए अब कोई जगह नहीं बचेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि या तो वे आत्मसमर्पण करें या फिर चुनाव के बाद कानून का कड़ा शिकंजा झेलने के लिए तैयार रहें।
हिमंत बिस्वा सरमा की आक्रामक शैली और दमदार उपस्थिति ने पांडवेश्वर के चुनावी समीकरणों में नई ऊर्जा भर दी है। यह रोड शो न सिर्फ भाजपा के बढ़ते जनाधार का संकेत बना, बल्कि आने वाले मतदान से पहले सियासी तापमान को भी चरम पर पहुंचा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *