
मेदिनीपुर, 18 अप्रैल । पश्चिम मेदिनीपुर जिले के दांतन विधानसभा क्षेत्र में तृणमूल कांग्रेस प्रत्याशी मानिक मायती के समर्थन में शनिवार सुबह एक भव्य रोड शो आयोजित किया गया, जिसे लेकर पूरे इलाके में भारी उत्साह देखने को मिला। इस रोड शो का मुख्य आकर्षण पूर्व स्टार क्रिकेटर व तृणमूल सांसद यूसुफ पठान रहे।
दांतन के सबड़ा इलाके में आयोजित इस कार्यक्रम में यूसुफ पठान खुले वाहन में सवार होकर लोगों से जनसंपर्क करते नजर आए। उनके साथ दांतन दो नंबर ब्लॉक तृणमूल कांग्रेस के अध्यक्ष शेख इफ्तखार अली सहित अन्य पार्टी नेता भी मौजूद थे।
विश्व कप विजेता क्रिकेटर की एक झलक पाने के लिए सड़क के दोनों ओर हजारों लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और स्वयंसेवकों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
रोड शो के दौरान यूसुफ पठान ने वाहन से हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन किया। साथ ही उन्होंने आम जनता से अपील की कि वे मानिक माइती को भारी मतों से विजयी बनाएं और विकास की धारा को आगे बढ़ाने के लिए जोड़ाफूल (तृणमूल का चुनाव चिन्ह) पर मतदान करें।सबड़ा मोड़ से शुरू हुआ यह रोड शो कई सड़कों से गुजरते हुए अंत में जनसभा में बदल गया।
