पहले चरण के मतदान से पूर्व बंगाल के प्रमुख जिलों का हवाई दौरा करेंगे मुख्य निर्वाचन अधिकारी

कोलकाता, 18 अप्रैल । पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान से पूर्व तैयारियों की समीक्षा के लिए राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल हेलीकॉप्टर से प्रमुख जिलों का दौरा करेंगे। निर्वाचन विभाग के सूत्रों के अनुसार सीमित समय में सभी महत्वपूर्ण क्षेत्रों का निरीक्षण सुनिश्चित करने के लिए यह निर्णय लिया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि 20 और 21 अप्रैल को प्रस्तावित इस दौरे के दौरान मुख्य निर्वाचन अधिकारी पश्चिम मेदिनीपुर, मालदा, उत्तर दिनाजपुर और कूचबिहार सहित कई जिलों का भ्रमण करेंगे। एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि जमीनी स्तर पर व्यवस्थाओं का प्रत्यक्ष आकलन कर मतदान केंद्रों की तैयारी, सुरक्षा प्रबंध और प्रशासनिक समन्वय की समीक्षा की जाएगी।

करीब दो दशक पहले 2006 में तत्कालीन मुख्य निर्वाचन अधिकारी देबाशीष सेन ने भी चुनाव से पहले इसी प्रकार का हवाई निरीक्षण किया था। अब तक मनोज कुमार अग्रवाल सड़क मार्ग से जिलों का दौरा कर रहे थे, लेकिन इसमें अधिक समय लग रहा था।

निर्वाचन आयोग राज्य में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और स्वतंत्र मतदान सुनिश्चित करने को लेकर विशेष सतर्कता बरत रहा है। पश्चिम बंगाल में पूर्व चुनावों के दौरान कई जिलों में झड़प, विस्फोट और हिंसा की घटनाएं सामने आती रही हैं। 2021 विधानसभा चुनाव के बाद चुनावोत्तर हिंसा को लेकर दक्षिण 24 परगना, पूर्व मेदिनीपुर, मुर्शिदाबाद और मालदा जैसे जिलों में व्यापक राजनीतिक विवाद भी हुआ था।

हालांकि 2024 लोकसभा चुनाव के दौरान राज्य में अपेक्षाकृत शांतिपूर्ण मतदान हुआ था और चुनाव संबंधी हिंसा में किसी की मृत्यु की सूचना नहीं मिली थी। आयोग 2026 विधानसभा चुनाव में भी इसी स्थिति को बनाए रखना चाहता है।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने चुनाव ड्यूटी में तैनात सभी अधिकारियों को आयोग के निर्देशों का कड़ाई से पालन करने को कहा है। उन्होंने चेतावनी दी है कि किसी भी राजनीतिक दबाव या प्रभाव में नियमों से विचलन पाए जाने पर सख्त कार्रवाई होगी। साथ ही जिलों के पुलिस अधीक्षकों को हिंसा के शुरुआती संकेत पर तुरंत कठोर कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी का यह दौरा राज्यभर में सुरक्षा और प्रशासनिक तैयारियों की व्यापक समीक्षा का हिस्सा माना जा रहा है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *