
कवि दत्त और प्रदीप मजूमदार के समर्थन में जनसैलाब, चुनावी माहौल हुआ गर्म
दुर्गापुर। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी के बीच तृणमूल कांग्रेस ने शुक्रवार को औद्योगिक नगरी दुर्गापुर में अपनी ताकत का भव्य प्रदर्शन किया। पार्टी सुप्रीमो एवं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व में निकली विशाल पदयात्रा ने पूरे शहर को चुनावी रंग में रंग दिया। दुर्गापुर के स्टील मार्केट पांच माथा मोड़ से भिरिंगी टी.एन. स्कूल तक आयोजित इस पदयात्रा में हजारों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, समर्थक और आम नागरिक शामिल हुए। सड़कों पर उमड़ी भीड़ ने इसे जनसैलाब का रूप दे दिया। हर कदम पर बढ़ती भीड़ ने यह संकेत दिया कि तृणमूल कांग्रेस चुनावी मैदान में पूरी मजबूती के साथ उतर चुकी है। इस दौरान ममता बनर्जी ने दुर्गापुर पश्चिम से पार्टी प्रत्याशी कवि दत्त और दुर्गापुर पूर्व से प्रत्याशी प्रदीप मजूमदार के समर्थन में लोगों से अपील की। उन्होंने जनता से दोनों उम्मीदवारों को भारी मतों से विजयी बनाने का आह्वान किया। पदयात्रा के दौरान पूरे मार्ग में पार्टी के झंडे, नारों की गूंज और समर्थकों के जोश ने माहौल को पूरी तरह चुनावी बना दिया। जगह-जगह लोगों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और समर्थन का भरोसा जताया। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि दुर्गापुर की सड़कों पर उमड़ी यह भारी भीड़ तृणमूल कांग्रेस की मजबूत संगठनात्मक पकड़ और जनाधार को दर्शाती है। यह शक्ति प्रदर्शन आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी की सशक्त दावेदारी का संकेत भी माना जा रहा है। फिलहाल, राज्य में चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं और विभिन्न राजनीतिक दल जनता को अपने पक्ष में करने के लिए लगातार जनसंपर्क और रैलियों का आयोजन कर रहे हैं।
