
कोलकाता, 16 अप्रैल । पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 से पहले राजधानी कोलकाता के सौ से अधिक मतदान केंद्रों में बिजली नहीं होने का मामला सामने आने से चुनाव आयोग के अधिकारी हैरान रह गए हैं। आयोग ने सभी संबंधित अधिकारियों को तत्काल व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है, ताकि मतदान प्रक्रिया प्रभावित न हो।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि प्रत्येक बूथ पर मतदान के दौरान आधुनिक वेब कास्टिंग की व्यवस्था अनिवार्य है, लेकिन बिजली के अभाव में यह संभव नहीं हो पाएगा। इस स्थिति को देखते हुए जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे तुरंत बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करें। जहां स्थायी बिजली व्यवस्था संभव नहीं है, वहां जनरेटर की व्यवस्था करने को कहा गया है, ताकि वेब कास्टिंग पर कोई असर न पड़े।
आम तौर पर ग्रामीण क्षेत्रों के कई बूथों में बिजली की समस्या देखी जाती है, जिसके लिए आयोग पहले ही विशेष निर्देश दे चुका था। हालांकि, कोलकाता जैसे शहरी क्षेत्र में इस तरह की स्थिति सामने आना अप्रत्याशित माना जा रहा है। अधिकांश मतदान केंद्र स्कूलों में बनाए जाते हैं, जिससे इन संस्थानों के बुनियादी ढांचे को लेकर राज्य सरकार की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। आयोग के एक अधिकारी ने बताया कि स्कूलों में बिजली कनेक्शन सुनिश्चित करना राज्य सरकार की जिम्मेदारी है, लेकिन आवश्यक सुधार नहीं किए जाने के कारण यह समस्या उत्पन्न हुई है।
सूत्रों के अनुसार, सबसे अधिक बिजलीविहीन बूथ कोलकाता बंदरगाह क्षेत्र में पाए गए हैं, जहां 50 से अधिक मतदान केंद्रों में बिजली नहीं है। इससे पहले इन केंद्रों पर मतदान कैसे संपन्न हुआ, इस पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। आयोग ने कहा है कि निर्बाध बिजली आपूर्ति के बिना वेब कास्टिंग संभव नहीं है। इसके अलावा, मतदान के दिन कई बूथ कक्षों में खिड़कियां और अतिरिक्त दरवाजे बंद कर दिए जाते हैं, जिससे अंदर अंधेरा हो जाता है। ऐसे में उचित रोशनी की व्यवस्था अनिवार्य है, अन्यथा मतदान प्रक्रिया बाधित हो सकती है।
आयोग ने यह भी निर्देश दिया है कि प्रत्येक मतदान केंद्र पर पेयजल और शौचालय की सुविधा सुनिश्चित की जाए। शिकायत है कि कई बूथों पर ये बुनियादी सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं हैं। जिला निर्वाचन अधिकारियों को आगामी दिनों में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करने का आदेश दिया गया है।
राज्य में 23 और 29 अप्रैल को दो चरणों में मतदान होगा, जबकि मतगणना 4 मई को की जाएगी।
