रानीगंज । रानीगंज विधानसभा क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस के प्रत्याशी कालोबरन मंडल ने अंडाल ब्लॉक के विभिन्न इलाकों में व्यापक एवं सघन चुनाव प्रचार अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने अंडाल के विभिन्न इलाकों का दौरा कर आमजन से संपर्क स्थापित किया तथा उनसे समर्थन प्रदान करने की अपील की। जनसंपर्क अभियान के दौरान कालोबरन मंडल ने स्थानीय नागरिकों से सीधे संवाद किया और राज्य सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस की नीतियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं समर्थक उनके साथ उपस्थित रहे, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने पूरे जोश और उत्साह के साथ प्रचार अभियान में भाग लिया। कालोबरन मंडल ने जनता से अपील करते हुए कहा कि वे विकास, स्थिरता और जनहित के कार्यों को ध्यान में रखते हुए तृणमूल कांग्रेस को अपना समर्थन दें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि रानीगंज विधानसभा क्षेत्र की जनता उन्हें भरपूर समर्थन प्रदान करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस रानीगंज सीट पर भारी मतों से विजय प्राप्त करेगी और क्षेत्र में विकास की गति को और अधिक तेज किया जाएगा।
