टाटा समूह के चेयरमैन चंद्रशेखरन को मिला ब्रिटेन का ‘नाइटहुड’ सम्मान

 

नई दिल्ली, 19 मार्च । टाटा समूह के चेयरमैन नटराजन चंद्रशेखरन को ब्रिटिश सरकार ने मानद ‘नाइटहुड’ से सम्मानित किया है। ये सम्मान भारत-ब्रिटेन व्यापार संबंधों को मजबूत करने में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए दिया गया है। ब्रिटेन के राजा चार्ल्स तृतीय की ओर से भारत में ब्रिटेन की उच्चायुक्त लिंडी कैमरून ने चंद्रशेखरन को यह सम्मान प्रदान किया।
ब्रिटिश उच्चायुक्त लिंडी कैमरून के आवास पर बुधवार रात एक कार्यक्रम में उन्हें ‘नाइट कमांडर ऑफ द मोस्ट एक्सीलेंट ऑर्डर ऑफ द ब्रिटिश एम्पायर (केबीई)’ की उपाधि प्रदान की गई। यह ब्रिटेन का एक प्रतिष्ठित सर्वोच्च नागरिक सम्मान है, जो विदेशी नागरिकों को उनकी असाधारण सेवाओं के लिए दिया जाता है। भारत में ब्रिटेन की उच्चायुक्त लिंडी कैमरून ने चंद्रशेखरन को ‘ब्रिटेन का बेहतरीन मित्र और भारत के कॉरपोरेट जगत की एक प्रतिष्ठित हस्ती’ बताया। उच्चायुक्त ने कहा कि चंद्रशेखरन का नेतृत्व उद्यमशीलता की भावना, दूरदृष्टि और आकांक्षा का प्रतीक है, जिसने भारत-ब्रिटेन व्यापार संबंधों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में मदद की है।
ब्रिटिश उच्चायोग ने गुरुवार को एक बयान में कहा कि टाटा समूह ने लंबे समय से ब्रिटेन के मोटर वाहन, इस्पात, प्रौद्योगिकी और उपभोक्ता क्षेत्रों में निवेश किया है, जिसने रोजगार, उन्नत विनिर्माण एवं स्वच्छ प्रौद्योगिकियों की ओर बदलाव को समर्थन देने में अहम भूमिका निभाई है। टाटा समूह के चेयरमैन के रूप में उन्होंने भारत-ब्रिटेन व्यापार संबंधों को मजबूत करने और कई वर्षों से ब्रिटेन में निवेश बढ़ाने में असाधारण योगदान दिया है।

चंद्रशेखरन ने कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं है, बल्कि टाटा समूह के सभी सहयोगियों का है। उन्होंने कहा कि 70 हजार से अधिक कर्मचारियों के साथ टाटा समूह का ब्रिटेन के साथ प्रौद्योगिकी, उपभोक्ता, आतिथ्य, इस्पात, रसायन एवं मोटर वाहन क्षेत्रों में मजबूत और दीर्घकालिक संबंध रहा है। साथ ही जेएलआर और टेटली जैसे प्रतिष्ठित ब्रिटिश ब्रांड भी इससे जुड़े हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *