
कोलकाता, 12 मार्च । पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव 2026 की घोषणा से पहले प्रशासनिक स्तर पर गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार को जिलाधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक कर उन्हें बिना डर के अपने दायित्व निभाने का निर्देश दिया।
सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री ने बैठक में कहा कि अधिकारी किसी तरह डरे नहीं और अपनी जिम्मेदारियां सामान्य रूप से निभाते रहें। उन्होंने हाल ही में चुनाव आयोग की ओर से जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों के साथ हुई बैठक का जिक्र करते हुए आयोग के कड़े रुख पर भी टिप्पणी की। ममता ने कहा कि चुनाव नजदीक आने के साथ इस तरह की गतिविधियां बढ़ेंगी, लेकिन अधिकारियों को अपने काम पर ध्यान देना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने बैठक में ‘बाहरी लोगों’ के मुद्दे पर भी जिलाधिकारियों को सतर्क रहने का निर्देश दिया। उन्होंने दावा किया कि चुनाव से पहले राज्य में बाहरी लोगों को लाने की कोशिश हो रही है। इस पर नजर रखने और जरूरत पड़ने पर होटलों में छापेमारी तथा नाका चेकिंग बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान ममता बनर्जी ने यह भी कहा कि चुनाव से पहले पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के तबादले चुनाव आयोग की सामान्य प्रक्रिया है और इससे अधिकारियों को निराश नहीं होना चाहिए। यदि किसी अधिकारी का तबादला होता है तो राज्य सरकार उन्हें बाद में पदोन्नति देने पर विचार करेगी।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) की सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया और कहा कि मतदान प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या छेड़छाड़ की आशंका को गंभीरता से लिया जाए।
