भाजपा नेता का महिलाओं पर टिप्पणी वाला वीडियो वायरल होने से नंदीग्राम में सियासी विवाद

 

मेदिनीपुर, 12 मार्च । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता प्रलय पाल की कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर पूर्व मेदिनीपुर जिले के नंदीग्राम में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। आरोप है कि एक वायरल वीडियो में प्रलय पाल ने महिलाओं के प्रति अमर्यादित और अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया है। हालांकि, इस वायरल वीडियो की सत्यता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन इस वीडियो के सामने आने के बाद क्षेत्र में भारी तनाव व्याप्त है।
इस घटना के विरोध में महिला तृणमूल कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। प्रलय पाल की अविलंब गिरफ्तारी की मांग को लेकर बुधवार रात नौ बजे करीब बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं ने नंदीग्राम थाने का घेराव किया और जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने भाजपा नेता के खिलाफ नारेबाजी की और उसे गिरफ्तार करने की मांग पर अड़े रही। इसके पश्चात, महिला तृणमूल कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने नंदीग्राम थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई और पुलिस को ज्ञापन सौंपकर आरोपित नेता के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग की।
सत्तारूढ़ तृणमूल की ओर से राज्य की वित्त मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य ने इस बयान की कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने कहा कि यह घटना दर्शाती है कि भाजपा के नेता महिलाओं के प्रति कितनी संकीर्ण मानसिकता रखते हैं।

पूर्व मेदिनीपुर जिला तृणमूल अध्यक्ष सुजीत राय ने भी प्रलय पाल की आलोचना करते हुए कहा कि ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ का नारा देने वाली पार्टी के नेताओं के मुंह से ऐसी बातें सुनना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। तृणमूल कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा नेता ने जानबूझकर नारी शक्ति का अपमान किया है।
दूसरी तरफ, भाजपा के तमलुक जिला सह-अध्यक्ष आनंदमय अधिकारी ने कहा कि उन्हें अभी इस बात की पूरी जानकारी नहीं है कि यह टिप्पणी किस संदर्भ में की गई थी। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और यह देखना होगा कि वीडियो वास्तविक है या इसके साथ कोई छेड़छाड़ की गई है।

इस बीच, प्रलय पाल से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनका पक्ष अभी तक सामने नहीं आ सका है। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्कता बरती जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *