रानीगंज बस स्टैंड में ट्रैफिक पुलिस का विशेष अभियान, छत पर सवारी और अवैध स्टॉपेज पर बस रोकने पर दी चेतावनी

रानीगंज। सड़क दुर्घटनाओं को कम करने और लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस आयुक्तालय के ट्रैफिक विभाग द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को रानीगंज बस स्टैंड परिसर में ट्रैफिक पुलिस की ओर से एक विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया, जिसमें बस चालकों और परिवहन कर्मियों को यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने के लिए निर्देशित किया गया।
अभियान के दौरान रानीगंज ट्रैफिक विभाग के प्रभारी सतीनाथ शील के नेतृत्व में पुलिस अधिकारियों की टीम बस स्टैंड पहुंची और वहां मौजूद बस चालकों, कंडक्टरों तथा परिवहन कर्मियों के साथ बैठक कर उन्हें सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। अधिकारियों ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि है और इसके लिए नियमों का पालन करना अत्यंत आवश्यक है।ट्रैफिक अधिकारियों ने बस चालकों को स्पष्ट रूप से हिदायत दी कि किसी भी स्थिति में बसों की छत पर यात्रियों को बैठाकर यात्रा करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने बताया कि छत पर सवारी बैठाकर बस चलाना बेहद खतरनाक है और इससे किसी भी समय गंभीर दुर्घटना हो सकती है। इसलिए इस तरह की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।इसके साथ ही बस चालकों को यह भी निर्देश दिया गया कि वे केवल निर्धारित बस स्टॉपेज पर ही बस रोककर यात्रियों को चढ़ाएं और उतारें। सड़क के बीच या जहां-तहां बस रोककर सवारी लेने से यातायात व्यवस्था बाधित होती है और अक्सर जाम की स्थिति पैदा हो जाती है, जिससे आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई बस चालक इन नियमों का उल्लंघन करते हुए पाया गया तो उसके खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही चालान भी काटा जा सकता है और आवश्यक होने पर वाहन को जब्त भी किया जा सकता है।
अभियान के दौरान ट्रैफिक पुलिस ने बस चालकों से अपील की कि वे खुद भी नियमों के प्रति जागरूक रहें और यात्रियों को भी सुरक्षित यात्रा के महत्व के बारे में समझाएं। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें आम लोगों और वाहन चालकों की भी बराबर भागीदारी जरूरी है। ट्रैफिक विभाग ने संकेत दिया कि भविष्य में भी इस तरह के जागरूकता और जांच अभियान लगातार चलाए जाएंगे, ताकि सड़क दुर्घटनाओं को कम किया जा सके और शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *