चुनाव से पहले ममता का बड़ा कदम, मलय घटक से कानून मंत्रालय वापस

कैबिनेट में अचानक फेरबदल से सियासी हलचल तेज, विभाग फिलहाल मुख्यमंत्री के पास

कोलकाता/आसनसोल। पश्चिम बंगाल की सियासत में विधानसभा चुनाव से पहले एक बड़ा प्रशासनिक और राजनीतिक संकेत देखने को मिला है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अपने मंत्रिमंडल में अहम बदलाव करते हुए मंत्री मलय घटक से कानून मंत्रालय वापस ले लिया है। फिलहाल इस महत्वपूर्ण विभाग की जिम्मेदारी मुख्यमंत्री ने खुद अपने पास रखी है।
आसनसोल उत्तर से विधायक मलय घटक से कानून मंत्रालय वापस लेने के फैसले ने राजनीतिक गलियारों में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है। चुनाव से ठीक पहले लिए गए इस कदम को बेहद अहम और रणनीतिक माना जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, राज्य बार काउंसिल के चुनाव को लेकर मंत्री मलय घटक की भूमिका से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी नाराज बताई जा रही हैं। चर्चा है कि पार्टी की तय लाइन से अलग रुख और अनुशासन को लेकर उठे सवालों के बाद उनसे कानून मंत्रालय की जिम्मेदारी वापस ली गई है।
हालांकि राज्य सरकार या तृणमूल कांग्रेस की ओर से अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह फैसला चुनाव से पहले सरकार और संगठन में सख्त संदेश देने की रणनीति का हिस्सा हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *