
बराकर। बराकर के करीम डंगाल वार्ड 68 में होली के दौरान हुई हिंसक झड़प और उपद्रव की घटना को लेकर गुरुवार को गायत्री मंदिर परिसर में स्थानीय लोगों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष और युवाओं ने हिस्सा लिया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि घटना को 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, जिससे लोगों में आक्रोश है। उन्होंने कहा कि मामूली विवाद के बावजूद बम और गोली चलने की घटना बेहद गंभीर है।
लोगों ने आरोप लगाया कि उपद्रवियों ने कई घरों की छतों को नुकसान पहुंचाया और टोटो रिक्शा के शीशे तोड़ दिए। साथ ही प्रशासन से मांग की कि यह जांच की जाए कि आरोपियों के पास बम, गोली और पत्थर कहां से आए।
स्थानीय लोगों ने बताया कि मस्जिद के पास हुई पूरी घटना सीसीटीवी में कैद है। उन्होंने फुटेज को सार्वजनिक करने और निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। चेतावनी दी गई कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीण बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
