
इंडो-अमेरिकन मोड़ पर विरोध प्रदर्शन, टीएमसी पर लगाया आरोप,पुलिस ने शुरू की जांच
दुर्गापुर। पश्चिम बंगाल में भाजपा के द्वारा‘परिवर्तन यात्रा’ के बीच दुर्गापुर के इंडो-अमेरिकन मोड़ पर उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पोस्टर फटे हुए पाए गए।
भाजपा कार्यकर्ताओं का आरोप है कि बुधवार देर रात तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के कथित समर्थकों ने प्रधानमंत्री के पोस्टरों को फाड़ दिया और उन्हें सड़क किनारे फेंक दिया। गुरुवार सुबह इसकी जानकारी मिलते ही भाजपा समर्थकों में आक्रोश फैल गया और वे विरोध जताने के लिए सड़कों पर उतर आए।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने इंडो-अमेरिकन मोड़ पर सड़क जाम कर जोरदार नारेबाजी की। सड़क अवरुद्ध होने से काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे आम लोगों को भी परेशानी उठानी पड़ी।
मौके पर मौजूद भाजपा नेताओ ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि यह लोकतांत्रिक मूल्यों पर हमला है। उन्होंने मांग की कि इस घटना में शामिल दोषियों की जल्द से जल्द पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए।
वहीं पुलिस सूत्रों के अनुसार मामले को लेकर शिकायत दर्ज कर ली गई है और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी गई है। स्थिति को देखते हुए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है।
