
आसनसोल। ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) के सांकतोड़िया स्थित मुख्यालय में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण सुरक्षा समन्वय बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में कंपनी के विभिन्न क्षेत्रों के सभी सिक्योरिटी इंचार्ज शामिल हुए। बैठक का मुख्य उद्देश्य कोयला चोरी और अवैध खनन जैसी गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करना था। बैठक के दौरान कोयला चोरी और अवैध खनन को रोकने के लिए कई अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिया कि इस प्रकार की गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और दोषियों के खिलाफ समय पर एफआईआर दर्ज कर कानूनी प्रक्रिया को तेज किया जाए। इसके साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को तकनीकी रूप से मजबूत करने के लिए ड्रोन सर्विलांस (ड्रोन निगरानी) को बढ़ाने पर भी जोर दिया गया, ताकि खनन क्षेत्रों और संवेदनशील इलाकों पर लगातार नजर रखी जा सके। अधिकारियों ने कहा कि आधुनिक तकनीक का उपयोग कर सुरक्षा तंत्र को अधिक प्रभावी बनाया जाएगा। बैठक में यह भी तय किया गया कि स्थानीय पुलिस प्रशासन और गांव की समितियों के साथ समन्वय को और मजबूत किया जाएगा, ताकि क्षेत्रीय स्तर पर अवैध गतिविधियों की सूचना समय पर मिल सके और तुरंत कार्रवाई की जा सके। इसके अलावा सक्रिय निगरानी, सामुदायिक सहभागिता और सख्त कानून प्रवर्तन को सुरक्षा रणनीति का मुख्य आधार बनाने पर सहमति बनी। ईसीएल प्रबंधन ने स्पष्ट संदेश दिया कि कंपनी कोयला चोरी और अवैध खनन के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ (शून्य सहनशीलता) की नीति पर काम कर रही है। राष्ट्रीय संपदा की सुरक्षा और जिम्मेदार खनन कार्यों को सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को लगातार मजबूत किया जा रहा है। कंपनी अधिकारियों ने कहा कि आने वाले समय में सुरक्षा तंत्र को और प्रभावी बनाने के लिए नियमित समीक्षा बैठकें आयोजित की जाएंगी, ताकि ईसीएल के सभी परिचालन क्षेत्रों में पारदर्शी, सुरक्षित और जिम्मेदार खनन कार्य सुनिश्चित किया जा सके।
