मालदा में होली के दौरान गोलीबारी के बाद सामूहिक पिटाई से नाबालिग की मौत

कोलकाता, 05 मार्च । पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में होली के अवसर पर दो समूहों के बीच हुई झड़प के दौरान फायरिंग की घटना के बाद 17 वर्षीय एक युवक को भीड़ ने पीट-पीटकर मार डाला। बुधवार रात को हुई इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, होली के दिन उक्त क्षेत्र में दो समूहों के लड़कों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि राशन व्यापारी के बेटे समीर गुप्ता ने झड़प के दौरान अपनी पिता की लाइसेंसधारी बंदूक से फायरिंग की। फायरिंग में कुल चार लोग, जिनमें एक 10 वर्षीय नाबालिग भी शामिल था, घायल हुए। स्थानीय लोगों ने घायलों को तुरंत मालदा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया।

घटना के बाद क्षेत्र में भीड़ जमा हो गई और उन्होंने फायरिंग की घटना के विरोध में प्रदर्शन शुरू किया। कुछ ही देर में भीड़ हिंसक हो गई और समीर गुप्ता के घर पर हमला कर दिया। रिपोर्टों के अनुसार, भीड़ ने घर में तोड़फोड़ की और नाबालिग को गंभीर रूप से पीटा, जिससे उसकी अस्पताल जाते समय मौत हो गई।

मालदा जिला पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, “कल फायरिंग की घटना में चार लोग घायल हुए। फायरिंग करने वाले व्यक्ति के खिलाफ नाराज ग्रामीणों ने उसके घर और पिता पर हमला किया। उसे सड़क पर पीट-पीटकर मार डाला गया। मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।”

वर्तमान में इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। वहीं, फायरिंग की घटना के संबंध में आरोपित के खिलाफ अलग से शिकायत भी दर्ज कराई गई है।

पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और इलाके में शांति बहाल करने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *