
एसआईआर प्रक्रिया के दौरान जान गवाने वालों को दिया नियुक्ति पत्र
कोलकाता, 02 मार्च । पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को नेताजी इंडोर स्टेडियम से कल्याणी एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया। इस परियोजना पर लगभग 3500 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। उद्घाटन समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने एसआईआर हादसे में निधन हुए 36 राज्यवासियों के परिवारों में से प्रत्येक परिवार के एक सदस्य को रोजगार नियुक्ति पत्र भी प्रदान किया। इसके बाद उन्होंने होली उत्सव का आनंद लिया और उपस्थित लोगों ने उन्हें बधाई दी।
कल्याणी एक्सप्रेसवे कोलकाता और कल्याणी के बीच 40 किलोमीटर लंबा अत्याधुनिक 4/6 लेन का सिग्नल-फ्री मार्ग है, जिसमें कुल 21 फ्लाईओवर शामिल हैं। इसके एक छोर को निमता में बेलघरिया एक्सप्रेसवे से जोड़ा गया है, जबकि दूसरा छोर गंगा पर निर्माणाधीन ईश्वर गुप्त सेतु और राष्ट्रीय राजमार्ग 12 के बड़े जंक्शन से जुड़ता है। इस मार्ग के खुलने से उत्तर 24 परगना और नदिया जिलों का कोलकाता के साथ संपर्क तेज और सुगम होगा। पहले यह दूरी तय करने में लगभग दो घंटे लगते थे, लेकिन नए सुपर हाइवे के खुलने से यातायात जाम से बचते हुए यात्रा समय आधा हो जाएगा।
पश्चिम बंगाल हाईवे डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड के तहत निर्मित इस एक्सप्रेसवे से प्रशासन का कहना है कि क्षेत्र में उद्योग, वाणिज्य और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। साथ ही उत्तर 24 परगना और नदिया जिलों में लोगों के दैनिक आवागमन का अनुभव बेहतर होगा और क्षेत्र की आर्थिक एवं सामाजिक स्थिति में भी सुधार आएगा।
मुख्यमंत्री द्वारा होमगार्ड की नौकरी का नियुक्ति पत्र पाने के बाद मृतक परिवारों के सदस्य सरकार और मुख्यमंत्री को धन्यवाद देने के लिए पहुंचे। इस अवसर पर जनता और अधिकारी दोनों ने प्राक-दोल उत्सव का आनंद लिया और परियोजना के महत्व को सराहा।
