ईसीएल मुख्यालय में 82वीं द्विपक्षीय कॉर्पोरेट सुरक्षा बोर्ड की बैठक संपन्न, खदान सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संकल्प

आसनसोल। ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) के साकतोड़िया स्थित मुख्यालय के संकल्प सभागार में 82वीं द्विपक्षीय कॉर्पोरेट सुरक्षा बोर्ड (बाइपार्टाइट सेफ्टी कमेटी) की महत्वपूर्ण बैठक कंपनी के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) सतीश झा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में कार्यस्थल सुरक्षा, श्रमिकों के स्वास्थ्य संरक्षण तथा परिचालन उत्कृष्टता के प्रति कंपनी की प्रतिबद्धता को दोहराया गया।
बैठक में तकनीकी निदेशक (संचालन) नीलाद्री राय सहित विभिन्न श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इनमें यूटीयूसी के माधव बनर्जी, सीटू के बिनोद सिंह, बीएमएस के श्रीकांत दत्ता, एटक के अनिल कुमार सिंह तथा एचएमएस के जयंत कुमार मित्रा प्रमुख रूप से उपस्थित थे। इसके अतिरिक्त सभी क्षेत्रों के महाप्रबंधक, विभागाध्यक्ष, वरिष्ठ अधिकारी, क्षेत्रीय सुरक्षा अधिकारी एवं आईएसओ प्रतिनिधि भी बैठक में सम्मिलित हुए। कार्यक्रम का प्रारंभ सुरक्षा शपथ के साथ हुआ, जिसके पश्चात खदानों में सुरक्षा मानकों को और अधिक सुदृढ़ करने पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। बैठक में कार्यबल की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने, पर्यवेक्षण प्रणाली को सशक्त करने, मानसून-2026 के लिए आपातकालीन तैयारियों की समीक्षा, पीओबी (पिट-ऑफ-ब्लास्ट) प्लांट की वैज्ञानिक कमीशनिंग, सुरक्षित विस्फोटन प्रक्रियाओं के अनुपालन, आपातकालीन निकास मार्गों के उन्नयन, सुरक्षा अलर्ट के प्रभावी प्रसार तथा ऑपरेटरों की क्षमता निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन चर्चा की गई। वही श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी खदानों में जमीनी स्तर पर सामने आने वाली सुरक्षा संबंधी चुनौतियों की ओर प्रबंधन का ध्यान आकृष्ट कराया और आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने का आग्रह किया। प्रबंधन ने इन सुझावों को गंभीरता से लेते हुए समन्वित प्रयासों के माध्यम से सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने का आश्वासन दिया।
बैठक के समापन पर सीएमडी सतीश झा ने स्पष्ट किया कि कोयला उत्पादन के साथ-साथ खदान सुरक्षा कंपनी की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सुरक्षित, स्वस्थ एवं सुदृढ़ खनन वातावरण का निर्माण ही ईसीएल का प्रमुख उद्देश्य है और इसके लिए प्रबंधन तथा श्रमिक संगठनों के बीच निरंतर संवाद और सहयोग आवश्यक है। वही यह बैठक एक सुरक्षित, स्वस्थ और सशक्त खनन परिवेश के निर्माण हेतु सामूहिक संकल्प के साथ संपन्न हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *