
आसनसोल। विहंगम योग संस्थान के तत्वावधान में संचालित अक्षर फाउंडेशन द्वारा संत श्री अक्षर देव जी महाराज के पावन अवतरण दिवस के अवसर पर जरूरतमंद बच्चों के बीच शिक्षण सामग्री का वितरण किया गया। यह कार्यक्रम प्रतिवर्ष 25 फरवरी को देश-विदेश में श्रद्धा एवं सेवा-भाव के साथ आयोजित किया जाता है। उल्लेखनीय है कि संत प्रवर श्री विज्ञान देव जी महाराज के सुपुत्र संत श्री अक्षर देव जी महाराज के अवतरण दिवस को सेवा-दिवस के रूप में मनाते हुए संस्थान द्वारा समाज के वंचित एवं जरूरतमंद वर्ग के उत्थान हेतु विविध कल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इसी क्रम में इस वर्ष भी पश्चिम बंगाल सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों में शैक्षणिक सहायता कार्यक्रम संपन्न हुआ। पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी, दार्जिलिंग, वीरभूम, नदिया, बर्दवान, कोलकाता तथा पश्चिम बर्दवान जिलों में अक्षर फाउंडेशन के माध्यम से बच्चों के बीच बैग, कॉपी, कलम, पेंसिल सहित अन्य आवश्यक शिक्षण सामग्री का वितरण किया गया। बच्चों के चेहरे पर प्रसन्नता और उत्साह स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा था। आसनसोल के बर्नपुर स्थित राधानगर क्षेत्र के रेलगेट खटाल इलाके में महर्षि सद्गुरु सदाफलदेव निंघा आश्रम के तत्वावधान में यह कार्यक्रम विशेष रूप से आयोजित किया गया। मातृशक्ति की जिला प्रमुख सीमा देवी के सहयोग तथा चेतू मंडल एवं सीत देवी के सार्थक प्रयास से 25 जरूरतमंद बच्चों को बैग, शिक्षण सामग्री एवं मिठाइयाँ वितरित की गईं। इस अवसर पर राष्ट्रीय प्रचारक आलोक साहा तथा उनकी धर्मपत्नी, ‘स्वर्वेद’ ग्रंथ की बंगला भाष्यकर्ता रीता साहा ने संस्थान के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए सद्गुरु की महिमा का वर्णन किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही समाज के सर्वांगीण विकास का आधार है और जरूरतमंद बच्चों को शैक्षणिक सहायता प्रदान करना सच्ची सेवा है। कार्यक्रम में विहंगम योग संस्थान की शिष्याएँ पार्वती देवी, चुन्नी देवी, अंजू देवी, सरस्वती देवी सहित अन्य श्रद्धालुजन उपस्थित रहे। पूरे आयोजन का वातावरण श्रद्धा, सेवा और मानवता के भाव से ओतप्रोत रहा।
