
आसनसोल। आसनसोल के मुख्य डाकघर परिसर स्थित पासपोर्ट सेवा केंद्र को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने से शहर में सनसनी फैल गई है। महज 24 घंटे के भीतर दूसरी बार आए धमकी भरे ई-मेल ने सुरक्षा व्यवस्था और साइबर निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, अज्ञात शरारती तत्वों ने ई-मेल के जरिए कार्यालय को उड़ाने की चेतावनी दी। पिछले चार दिनों से लगातार कभी अदालत, तो कभी डाकघर और पासपोर्ट कार्यालयों को निशाना बनाकर भेजे जा रहे धमकी संदेशों से कर्मचारियों और स्थानीय लोगों में भय का माहौल बन गया है।
सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया और पूरे डाकघर व पासपोर्ट कार्यालय परिसर को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस तकनीकी जांच के माध्यम से ई-मेल के स्रोत और आईपी एड्रेस का पता लगाने में जुटी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए केंद्र और राज्य की खुफिया एजेंसियां भी सक्रिय हो गई हैं तथा साइबर विशेषज्ञों की मदद से धमकी देने वालों तक पहुंचने की कोशिश तेज कर दी गई है।
फिलहाल जांच जारी है, जबकि लगातार मिल रही धमकियों ने शहर में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
