जामुड़िया। 19 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह दुर्घटना जामुड़िया थाना क्षेत्र के बोगड़ा संलग्न इलाके में हुई। इस हादसे के बाद कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बाधित रहा। प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक युवक अपनी मोटरसाइकिल से अपने माता-पिता को लेकर चांदा से नॉर्थ सियारसोल कोलियरी की ओर जा रहा था। वे 19 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग से होकर गुजर रहे थे। इसी दौरान बोगड़ा के पास एक तेज रफ्तार बड़े वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक के माता-पिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक ने दावा किया कि हादसे के बाद उसने घातक वाहन को रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक तेज गति से वाहन लेकर फरार हो गया। वही इस घटना की सूचना मिलते ही जामुड़िया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आसनसोल जिला हॉस्पिटल भेज दिया। पुलिस मृतकों की पहचान करने का प्रयास कर रही है तथा फरार वाहन की तलाश में जुट गई है। वही इधर, इस दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों में व्यापक आक्रोश देखा गया। उनका कहना है कि इस क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग के चौड़ीकरण का कार्य लंबे समय से अधूरा पड़ा है, जिसके कारण आए दिन बोगड़ा इलाके में दुर्घटनाएं हो रही हैं। स्थानीय निवासियों ने मांग की है कि राजमार्ग विस्तार का कार्य जल्द से जल्द पूरा किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके। इस घटना के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की कार्यप्रणाली और लापरवाही पर भी सवाल उठने लगे हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
