कोलकाता के तिलजला में फायरिंग, युवक घायल

कोलकाता, 24 जनवरी । महानगर के तिलजला इलाके में सोमवार देर रात गोलीबारी की घटना से हड़कंप मच गया। व्यक्तिगत विवाद के बाद हुई इस फायरिंग में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक का नाम मोहम्मद नियाज है। उसे रात में ही एसएसकेएम अस्पताल के ट्रॉमा केयर सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम किसी बात को लेकर नियाज और मोहम्मद सलमान के बीच कहासुनी हुई थी। विवाद बढ़ने पर स्थानीय लोगों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत करा दिया था।

आरोप है कि देर रात सलमान ने नियाज को घर से बाहर बुलाया और उस पर पांच से छह राउंड गोलियां चलाईं। गोली लगते ही नियाज मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा। आसपास के लोगों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया।

स्थानीय सूत्रों का दावा है कि आरोपित सलमान का आपराधिक संबंध रहा है। उसके खिलाफ चोरी, डकैती और जबरन वसूली जैसे कई आरोप पहले से दर्ज हैं। हालांकि दोनों के बीच विवाद किस कारण से शुरू हुआ, यह अब तक स्पष्ट नहीं हो सका है।

पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपित की तलाश में छापेमारी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *