
रानीगंज। रानीगंज के वार्ड संख्या 35 के अंतर्गत मंगलपुर औद्योगिक क्षेत्र में रविवार को पेयजल संकट से त्रस्त लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। महीनों से जारी जल संकट के विरोध में स्थानीय निवासियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग के सर्विस रोड पर सड़क जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया, जिस कारण कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पिछले कई महीनों से क्षेत्र में पानी की गंभीर समस्या बनी हुई है। उद्योगों से उत्पन्न प्रदूषण और लगातार गिरते भू-जल स्तर के कारण क्षेत्र के अधिकांश कुएं और तालाब सूख चुके हैं। वहीं, सरकारी जलापूर्ति व्यवस्था भी पूरी तरह चरमराई हुई है। लोगों का कहना है कि सार्वजनिक नलों में नियमित रूप से पानी नहीं आ रहा, जिससे दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। वही ग्रामीणों ने बताया कि उन्हें दूर-दराज क्षेत्रों से पानी लाना पड़ रहा है। महिलाओं और बच्चों को घंटों लाइन में लगकर पानी भरना पड़ता है। गर्मी बढ़ने के साथ ही स्थिति और विकट होती जा रही है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकाला गया है। वही इस घटना की सूचना मिलते ही वार्ड पार्षद अख्तरी खातून और रानीगंज 2 नंबर बोरो चेयरमैन मोजम्मिल शहजादा मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और आश्वासन दिया कि जलापूर्ति व्यवस्था को शीघ्र सामान्य करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। अधिकारियों द्वारा आश्वासन दिए जाने के बाद प्रदर्शनकारियों ने जाम समाप्त कर दिया और यातायात पुनः सामान्य हो सका। हालांकि, स्थानीय निवासियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही स्थायी समाधान नहीं किया गया तो वे पुनः आंदोलन करने को बाध्य होंगे। उनका कहना है कि पानी जैसी बुनियादी आवश्यकता की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गौरतलब है कि औद्योगिक क्षेत्रों में जल संकट की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। जानकारों का मानना है कि भू-जल दोहन, पर्यावरणीय असंतुलन और पर्याप्त जल प्रबंधन की कमी के कारण ऐसी स्थिति उत्पन्न हो रही है। ऐसे में प्रशासन के सामने चुनौती है कि वह त्वरित और दीर्घकालिक दोनों स्तरों पर प्रभावी समाधान सुनिश्चित करे, ताकि आम लोगों को इस समस्या से राहत मिल सके।
