
आसनसोल। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की घोषणा से पहले आसनसोल में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई आसनसोल नार्थ थाना क्षेत्र के गिरमट इलाके में की गई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राकेश चौरसिया उर्फ राहुल के रूप में हुई है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गिरमट इलाके में एक व्यक्ति संदिग्ध गतिविधियों में शामिल है और उसके पास अवैध हथियार मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके में छापेमारी की और राकेश चौरसिया को हथियार के साथ धर दबोचा। पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि आरोपी किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की साजिश में था। हालांकि पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आरोपी के पीछे कोई और व्यक्ति या गिरोह तो शामिल नहीं है। गिरफ्तारी के बाद बुधवार को आरोपी को आसनसोल कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस ने कोर्ट से आगे की पूछताछ के लिए रिमांड की मांग की है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि आरोपी की मंशा क्या थी और वह किस तरह की वारदात को अंजाम देने की तैयारी में था। चुनाव से पहले इस तरह की कार्रवाई को पुलिस की सतर्कता से जोड़कर देखा जा रहा है। चुनावी माहौल को शांतिपूर्ण बनाए रखने के लिए प्रशासन लगातार निगरानी और अभियान चला रहा है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाए जाते रहेंगे।
