राष्ट्रीय राजमार्ग पर जलभराव समस्या के समाधान को लेकर प्रशासन सख्त

आसनसोल। पश्चिम बर्धमान जिले के निघा स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगातार हो रही जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान को लेकर एडीएम के कक्ष में एक महत्वपूर्ण उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने समस्या के कारणों और उसके दीर्घकालिक समाधान पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक में डीसीपी ट्रैफिक सतीश पासुमर्थी (आईपीएस), एडीएम सुभासिनी ई (आईएएस), आसनसोल एसडीएम बिस्वजीत भट्टाचार्य (डब्ल्यूबीसीएस-एक्सई), एसडीओ आसनसोल, आसनसोल नगर निगम (एएमसी) के सचिव सहित ईसीएल, एनएचएआई एवं पुलिस विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर जलभराव के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित होने, दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ने तथा आम नागरिकों और यात्रियों को हो रही परेशानियों पर गंभीर चिंता व्यक्त की। बैठक के दौरान जल निकासी प्रणाली को सुदृढ़ बनाने, ड्रेनेज लाइनों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने, जलजमाव वाले क्षेत्रों की तकनीकी जांच कराने तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया।
प्रशासन की ओर से निर्देश दिया गया कि समस्या के त्वरित एवं स्थायी समाधान के लिए सभी संबंधित विभाग संयुक्त रूप से कार्ययोजना तैयार करें और शीघ्र प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि आम लोगों को जलभराव की समस्या से राहत मिल सके और यातायात सुचारु रूप से संचालित हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *