युवासाथी योजना: 48 घंटे में 13 लाख बेरोजगार युवाओं का आवेदन,शीर्ष पर मुर्शिदाबाद

कोलकाता, 16 फ़रवरी । विधानसभा चुनाव से पहले पश्चिम बंगाल सरकार द्वारा घोषित ‘युवासाथी’ योजना को अभूतपूर्व प्रतिक्रिया मिल रही है। आवेदन प्रक्रिया शुरू होने के महज़ 48 घंटे के भीतर ही इस योजना के तहत आवेदन करने वालों की संख्या 13 लाख को पार कर गई है। इस योजना के तहत माध्यमिक पास और बेरोज़गार युवक-युवतियों को प्रतिमाह एक हजार 500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
राज्य सरकार के अनुसार, 21 से 40 वर्ष आयु वर्ग के बेरोज़गार युवक और युवतियां इस योजना के लिए आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की सुविधा ऑनलाइन और ऑफलाइन, दोनों माध्यमों से उपलब्ध कराई गई है। राज्य बजट में वर्ष 2026–27 के लिए इस योजना हेतु पांच हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। योजना के तहत अधिकतम पांच वर्षों तक सहायता दी जाएगी, जबकि नौकरी मिलने पर भत्ता स्वतः बंद हो जाएगा।
हालांकि, आवेदन प्रक्रिया शुरू होते ही राज्य में वास्तविक बेरोज़गारी के आंकड़ों को लेकर सवाल भी उठने लगे हैं। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, पहले दो दिनों में कुल 13 लाख आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें 45 हजार 812 आवेदन ऑफलाइन और शेष ऑनलाइन माध्यम से जमा किए गए हैं।
जिलावार आंकड़ों की बात करें तो आवेदन के मामले में मुर्शिदाबाद जिला सबसे आगे है, जहां करीब 77 हजार 790 आवेदन दर्ज किए गए हैं। इसके बाद दक्षिण 24 परगना में 49 हजार 449 और बांकुड़ा में 48 हजार 122 का स्थान है। पुरुलिया में 46 हजार 945, उत्तर 24 परगना 44 हजार 326 और हुगली 36 हजार 541 भी शीर्ष जिलों में शामिल हैं।
अन्य जिलों में पूर्व बर्धमान 34 हजार 506, पश्चिम मेदिनीपुर 33 हजार 296, हावड़ा 32 हजार 042, नदिया (30 हजार 379 और पूर्व मेदिनीपुर 28 हजार 285 आवेदन दर्ज किए गए हैं। कोलकाता में अब तक 15 हजार 780 आवेदन जमा हुए हैं। सबसे कम आवेदन कालिम्पोंग जिले से प्राप्त हुए हैं, जहां कुल दो हजार 714 आवेदन दर्ज किए गए।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की इस योजना को चुनाव से पहले युवाओं को साधने की बड़ी पहल के तौर पर देखा जा रहा है। वहीं, इतनी बड़ी संख्या में आए आवेदनों ने राज्य में बेरोज़गारी की वास्तविक स्थिति को लेकर नई बहस भी छेड़ दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *