अंडाल ग्राम में डॉ. बिजन मुखर्जी का जनसंपर्क अभियान, घर-घर बांटे भाजपा के लीफलेट

रानीगंज। रानीगंज के प्रख्यात चिकित्सक एवं वर्ष 2021 में रानीगंज विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी रहे डॉ. बिजन मुखर्जी ने रविवार को अंडाल ग्राम क्षेत्र में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया। आने वाले पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में घर-घर जाकर लीफलेट वितरण किया तथा स्थानीय लोगों से संवाद स्थापित किया। डॉ. मुखर्जी ने अंडाल ग्राम की विभिन्न बस्तियों में जाकर लोगों से मुलाकात की, उनकी समस्याओं को सुना और संभावित समाधान पर चर्चा की। इस दौरान उनके साथ भाजपा के स्थानीय कार्यकर्ता भी मौजूद थे। उन्होंने कहा कि वह आज किसी पद या प्रत्याशी के रूप में नहीं, बल्कि भारतीय जनता पार्टी के एक समर्पित कार्यकर्ता के रूप में जनता के बीच पहुंचे हैं।

बेरोजगारी, महंगाई और स्वास्थ्य सेवाओं पर उठाए सवाल

डॉ. मुखर्जी ने बातचीत के दौरान कहा कि वर्तमान समय में बंगाल के सामने कई गंभीर समस्याएं खड़ी हैं। बेरोजगारी बढ़ रही है, महंगाई चरम पर है और युवाओं के पास रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि स्वास्थ्य सेवाएं भी कई क्षेत्रों में बदहाल स्थिति में हैं, जिससे आम लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।

उन्होंने कहा कि इन सभी मुद्दों को लेकर स्थानीय लोगों के साथ विस्तृत चर्चा हुई और यह समझने का प्रयास किया गया कि जमीनी स्तर पर किन समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए। सामाजिक सुरक्षा, आर्थिक विकास और जीवन स्तर सुधार जैसे मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया गया।

पीने के पानी की गंभीर समस्या

अंडाल ग्राम में जनसंपर्क के दौरान डॉ. मुखर्जी ने बताया कि क्षेत्र में सबसे बड़ी समस्या पेयजल की है। उन्होंने कहा कि गांव में नल और ट्यूबवेल तो हैं, लेकिन अधिकांश स्थानों पर पानी नहीं निकलता। जहां से पानी निकलता भी है, वह इतना नीचे है कि लोगों को भारी कठिनाई का सामना करना पड़ता है। कई जगहों पर उपलब्ध पानी पीने योग्य नहीं है, जिसके कारण लोग मजबूरी में दूषित पानी का सेवन कर रहे हैं और बीमार पड़ रहे हैं।उन्होंने आगे कहा कि यह स्थिति अत्यंत चिंताजनक है और यदि भाजपा को अवसर मिलता है तो इस समस्या का स्थायी समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।

आवास और बुनियादी सुविधाओं पर भी उठे सवाल

जनसंपर्क के दौरान कई लोगों ने उन्हें बताया कि क्षेत्र में कई घर जर्जर अवस्था में हैं। लोगों का आरोप है कि राज्य सरकार के प्रतिनिधि समय-समय पर आकर घर बनाने का आश्वासन देते हैं, लेकिन अब तक उन्हें लाभ नहीं मिला है। डॉ. मुखर्जी ने कहा कि भाजपा केवल आश्वासन की राजनीति में विश्वास नहीं करती, बल्कि स्पष्ट कार्ययोजना के साथ आगे बढ़ना चाहती है।

विकास, सेवा और विश्वास की राजनीति पर जोर

डॉ. मुखर्जी ने कहा कि उनका लक्ष्य केंद्र और राज्य के बीच समन्वय स्थापित कर विकास को गति देना है। उन्होंने प्रशासन में पारदर्शिता, भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं की सुनिश्चित उपलब्धता की बात कही। उनका कहना था कि भाजपा सेवा, विकास और विश्वास की राजनीति में विश्वास करती है।

उन्होंने स्थानीय लोगों से आग्रह किया कि वे एक बार भाजपा को पश्चिम बंगाल में अवसर देकर देखें। उन्होंने आश्वासन दिया कि यदि भाजपा सत्ता में आती है तो क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं—पेयजल, आवास, रोजगार और स्वास्थ्य—का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।

अंत में डॉ. मुखर्जी ने दावा किया कि जनसंपर्क अभियान के दौरान मिली प्रतिक्रिया से यह स्पष्ट है कि लोगों के मन में परिवर्तन की इच्छा है और वे विकास की नई दिशा चाहते हैं। उन्होंने कहा कि यह अभियान उन्हें भी प्रेरणा देता है और वह भविष्य में भी इसी तरह जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रयासरत रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *