बांग्लादेशः पीठासीन अधिकारी ने ढाका-11 चुनाव क्षेत्र के केंद्र पर उमड़ी मतदाताओं की भीड़ पर उठाए सवाल

ढाका, 12 फरवरी । बांग्लादेश में तेरहवें संसदीय चुनाव और राष्ट्रीय जनमत संग्रह के लिए हो रहे मतदान के बीच एक पीठासीन अधिकारी ने गंभीर सवाल उठाया है। उन्होंने कहा कि ढाका-11 चुनाव क्षेत्र के आनंदनगर आदर्श हाईस्कूल पोलिंग सेंटर पर अत्यधिक भीड़ ‘बनावटी’ लग रही है । सुबह 11:30 बजे तक इस स्कूल में बनाए गए छह पोलिंग सेंटर पर औसत मतदान 23.96% रहा।

ढाका ट्रिब्यून की रिपोर्ट के अनुसार पीठासीन अधिकारी एमए मोहिबुर रहमान ने कहा, ”इतने अधिक मतदाता का उमड़ना सुनयोजित लग रहा है। ऐसी स्थिति असल वोटर्स को मतदान करने से रोकने के लिए पैदा की जा सकती है।” उन्होंने कहा कि स्थिति को नियंत्रण में करने के लिए एक मजिस्ट्रेट को पहले ही बता दिया गया था और उन्हें भरोसा मिला था कि सेना तैनात की जाएगी।’

हालांकि, केंद्र नंबर 90 के प्रभारी और पीठासीन अधिकारी मोहम्मद मोनवर हुसैन ने एक अलग ही तस्वीर पेश की। उन्होंने कहा, ”मतदान में कोई गड़बड़ी नहीं है। प्रवेश द्वार का संकरा होना भीड़ का मुख्य कारण है।”

उधर, कई मतदाताओं ने भी भीड़ और व्यवस्था को लेकर निराशा जताई। 21 वर्षीय शफीन ने कहा, ”जब मैं सुबह आठ बजे वोट देने आया, तब भी भीड़ शुरू से ही ऐसी ही थी। नतीजा लोगों की पसंद पर निर्भर करेगा।”

उल्लेखनीय है आनंदनगर आदर्श हाई स्कूल मतदान केंद्र के अंतर्गत कुल 19,290 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 9,791 पुरुष और 9,499 महिलाएं शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *