कोलकाता : भारतीय जनता पार्टी छोड़कर तृणमूल कांग्रेस में वापस लौट चुके बैरकपुर से दबंग सांसद अर्जुन सिंह की सुरक्षा केंद्र सरकार ने हटा ली है। उन्हें जेड प्लस की सुरक्षा मिली हुई थी जो बुधवार से वापस ले ली गई थी। सुबह 10:00 बजे के करीब उनकी सुरक्षा हटाई गई जिसके खिलाफ उन्होंने हाईकोर्ट में याचिका लगाने की घोषणा की है। 2019 में भाजपा के टिकट पर सांसद बनने के बाद ही केंद्र सरकार ने उन्हें वाई प्लस श्रेणी की सुरक्षा दे दी थी। 2021 के बाद इसे बढ़ाकर जेड प्लस कर दी गई थी। उनके आवास की सुरक्षा की जिम्मेवारी भी केंद्रीय बलों के जवानों को ही दी गई थी। अब दोनों ही सुरक्षा वापस ले ली गई है।
उल्लेखनीय है कि इसी साल अर्जुन सिंह ने केंद्र के खिलाफ कई गंभीर आरोप लगाकर तृणमूल कांग्रेस में वापसी कर ली थी। इसके बाद से ही इस बात के कयास लगाए जा रहे थे कि केंद्र सरकार उनकी सुरक्षा वापस लेगी।