अमित शाह ने किया संतोष मित्रा स्क्वायर दुर्गा पूजा का उद्घाटन, ‘ऑपरेशन सिन्दूर’ थीम से जुड़ा रहा कार्यक्रम

कोलकाता, 26 सितंबर । केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को उत्तर कोलकाता के प्रतिष्ठित संतोष मित्रा स्क्वायर दुर्गा पूजा मंडप का शुभारंभ किया। सुबह 11:20 बजे पहुंचे शाह ने इस वर्ष की थीम ‘ऑपरेशन सिन्दूर’ का अवलोकन किया, जिसमें पहलगाम में आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना के आतंकवाद-विरोधी अभियान की झलक प्रस्तुत की गई है।

पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर शाह का यह दौरा राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है। पूजा उद्घाटन के दौरान उन्होंने मां दुर्गा की आराधना की और कहा कि राज्य में जल्द ही ऐसी सरकार बनेगी जो ‘सोनार बांग्ला’ के सपने को साकार करेगी। शाह ने दावा किया कि भाजपा के नेतृत्व में बंगाल को फिर से सुरक्षित और शांतिपूर्ण बनाया जाएगा।

भारी वर्षा और बिजली गिरने से हाल के दिनों में हुई दुर्घटनाओं का उल्लेख करते हुए गृह मंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। इस प्राकृतिक आपदा में अब तक 10 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है। उनकी टिप्पणी को विपक्ष द्वारा राज्य सरकार पर डाले जा रहे सवालों के बीच राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

संतोष मित्रा स्क्वायर पूजा के आयोजन में भाजपा नेता और नगर निगम सदस्य सजल घोष प्रमुख भूमिका निभा रहे हैं। शाह ने इससे पहले वर्ष 2023 में भी इसी मंडप का उद्घाटन किया था, जब इसकी थीम राम मंदिर रखी गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Open chat
1
Hello
Can we help you?