कोलकाता में CAIT पश्चिम बंगाल की बैठक सम्पन्न :  व्यापारियों की एकता और व्यापारिक सशक्तिकरण की दिशा में मजबूत कदम

कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) के पश्चिम बंगाल चैप्टर द्वारा 1 अगस्त की शाम को होटल हिंदुस्तान इंटरनेशनल (HHI), कोलकाता में एक प्रभावशाली बैठक का आयोजन किया गया। यह आयोजन केवल व्यापारियों का एक साधारण मिलन नहीं, बल्कि भारत के व्यापारिक समुदाय की एकता, दूरदृष्टि और सामूहिक शक्ति का उत्सव बन गया। इस बैठक में कोलकाता से 200 से अधिक व्यापारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिससे आयोजन को नई ऊँचाइयाँ प्राप्त हुईं।

बैठक में व्यापारिक हितों की रक्षा, नीतिगत हस्तक्षेप और आधुनिक व्यापारिक अवसरों की पहचान को लेकर गंभीर विचार-विमर्श हुआ।

इस गरिमामय बैठक की अध्यक्षता CAIT के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री बी.सी. भारतीया, राष्ट्रीय चेयरमैन श्री बृजमोहन अग्रवाल, और राष्ट्रीय कार्यकारी चेयरमैन श्री सुभाष चंद्र अग्रवाल ने की। उनके साथ मंच पर पूर्वी भारत की राष्ट्रीय क्षेत्रीय सचिव सुश्री सिद्धि जैन, CAIT पश्चिम बंगाल के चेयरमैन श्री बिश्वनाथ अग्रवाल, अध्यक्ष श्री संजय झुनझुनवाला, महासचिव श्री मधुसूदन बनर्जी, तथा वरिष्ठ पदाधिकारी श्री संजय अग्रवाल, श्री नवीन झाझड़िया, श्री पवन बेगनानी, श्री शुभम खेतान, और श्री राहुल मोदी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान आयोजित नेटवर्किंग सत्र में नए सदस्यों का स्वागत किया गया तथा उन्हें CAIT की कार्यप्रणाली, उद्देश्यों और प्रमुख उपलब्धियों से अवगत कराया गया। उपस्थित व्यापारियों को यह बताया गया कि किस प्रकार CAIT एक राष्ट्रीय मंच के रूप में व्यापारियों की आवाज़ बुलंद करता है, और नीतिगत निर्णयों में भागीदारी निभाकर व्यापारियों के अधिकारों की रक्षा करता है।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि पश्चिम बंगाल में व्यापारियों की संख्या और प्रभाव को ध्यान में रखते हुए, CAIT की सदस्यता बढ़ाने हेतु एक विशेष अभियान चलाया जाएगा, जिससे राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर व्यापारिक प्रतिनिधित्व और दबाव-क्षमता को सशक्त किया जा सके।

नवीन सदस्यों को केवल सहभागी नहीं, बल्कि अपने क्षेत्रों के प्रतिनिधि और लीडर बनने हेतु प्रेरित किया गया। “सुधार, नवाचार और पुनर्निर्माण” के मंत्र के साथ, डिजिटल और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए व्यापार को संगठित और तकनीकी रूप से सक्षम बनाने का आह्वान किया गया।

CAIT राष्ट्रीय नेताओं ने स्पष्ट रूप से कहा:
“CAIT हर व्यापारी को साथ लेकर चलना चाहता है। नए सदस्य संगठन की रीढ़ होंगे और उनके अनुभव व दृष्टिकोण संगठन को नई दिशा देंगे।”

बैठक का समापन इस आह्वान के साथ हुआ कि आज के चुनौतीपूर्ण व्यापारिक परिवेश में व्यापारियों की संगठित एकता ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ताकि वे एक संगठित शक्ति के रूप में अपनी समस्याओं का समाधान कर सकें और नए व्यापारिक अवसरों का लाभ उठा सकें। सभी उपस्थित व्यापारियों से CAIT की सदस्यता लेने और भारत व पश्चिम बंगाल में व्यापारी समुदाय को संगठित करने की इस मुहिम में सहभागी बनें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *