राज्य की शीर्ष यूनिवर्सिटी बनी जादवपुर, कलकत्ता यूनिवर्सिटी को पछाड़ा

 

खड़गपुर आईआईटी सर्वोच्च स्थान पर

कोलकाता, 19 जून । पश्चिम बंगाल की सर्वश्रेष्ठ यूनिवर्सिटी की रैंकिंग जारी हुई है, जिसमें जादवपुर विश्वविद्यालय ने कोलकाता विश्वविद्यालय को पछाड़ दिया है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्ध ‘क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2025’ के अनुसार, जादवपुर विश्वविद्यालय ने इस बार 676वीं वैश्विक रैंक प्राप्त की है, जबकि कलकत्ता विश्वविद्यालय पिछड़कर 771-780 की श्रेणी में पहुंच गया है। पिछली रैंकिंग में जादवपुर विश्वविद्यालय की स्थिति 721-730 के बीच थी और कलकत्ता विश्वविद्यालय की 751-760 के बीच। इस बार जादवपुर ने न केवल सुधार किया है, बल्कि बंगाल के प्रमुख विश्वविद्यालयों की सूची में खुद को कलकत्ता विश्वविद्यालय से ऊपर स्थापित किया है।

राज्य में सर्वश्रेष्ठ स्थान एक बार फिर से भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान खड़गपुर के हिस्से आया है, जिसे वैश्विक रैंकिंग में 215वां स्थान मिला है। पिछले वर्ष इसकी रैंक 222 थी। देश के सर्वश्रेष्ठ शिक्षण संस्थानों की सूची में भी यह चौथे स्थान पर रहा।

राष्ट्रीय स्तर पर भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान दिल्ली को भारत का सर्वोच्च शैक्षणिक संस्थान घोषित किया गया है, जिसे 123वीं वैश्विक रैंक और 65.5 अंक प्राप्त हुए हैं। इसके बाद भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान बॉम्बे और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान मद्रास क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे।

भारत की शीर्ष 25 विश्वविद्यालयों में बंगाल के दो संस्थानों का नाम जादवपुर विश्वविद्यालय (18वां स्थान) और कलकत्ता विश्वविद्यालय (24वां स्थान) को शामिल किया गया है। यह रिपोर्ट न केवल राज्य में शैक्षणिक प्रतिस्पर्धा को रेखांकित करती है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि कैसे संस्थान अपनी गुणवत्ता में सुधार कर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रहे हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *