पुरूलिया : रघुनाथपुर नगरपालिका में महकमा शासक विवेक पंकज मंगलवार को प्रशासक के पद पर आसीन हुए। उन्हें नगरपालिका के पूर्व अध्यक्ष तरुणी बाउरी ने माला पहनाकर स्वागत किया। उनकी नियुक्ति को अलोकतांत्रिक बताते हुए एसयूसीआई ने इसे तत्काल वापस लिये जाने की मांग की।
इस संबंध में एसयूसीआई (सी) पुरुलिया उत्तर जिला कमेटी के सचिव लक्ष्मीनारायण सिन्हा ने कहा कि पिछले कुछ महीनों से रघुनाथपुर नगरपालिका में तृणमूल पार्षदों के बीच गुटीय संघर्ष उत्पन्न हो गया है और यह गुटीय संघर्ष अंततः अविश्वास प्रस्ताव तक पहुंच गया है। परिणामस्वरूप, नगरपालिका सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुईं। इसके अतिरिक्त, हमने आश्चर्यजनक रूप से यह देखा कि महकमा शासक को अविश्वास प्रस्ताव लाए बिना ही नगर पालिका में प्रशासक के रूप में नियुक्त कर दिया गया है। हमारा मानना है कि यह निर्णय अलोकतांत्रिक है। साथ ही, हमारा यह भी मानना है कि यह अविश्वास तृणमूल पार्टी के भीतर गुटबाजी और अंदरूनी कलह का कारण है। दोनों समूह अपने मूंछों की लड़ाई में व्यस्त हैं। हमने पिछले अनुभव से देखा है कि उन्हें जनता की सुविधाओं और असुविधाओं की कोई चिंता नहीं है।
ऐसे में हमारा मानना है कि लोकतांत्रिक तरीके से जनप्रतिनिधियों का सम्मान करते हुए नगर पालिका नागरिकों के हित में इस समस्या का तत्काल समाधान किया जाना चाहिए। इसके अलावा, पेयजल, सड़क, विधवा भत्ता, वृद्धावस्था भत्ता, पेंशन, स्ट्रीट लाइट और आवास परियोजनाओं में व्याप्त घोर अकुशलता को दूर किया जाना चाहिए। हम प्रशासक नियुक्त करने के अलोकतांत्रिक निर्णय को तत्काल वापस लेने की मांग करते हैं।