ऑपरेशन सिंदूरः भारतीय सेना की महिला अधिकारियों ने रचा नया इतिहास

 

भारतीय सेना का करारा जवाब

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद, भारतीय सेना ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में आतंकवादी ठिकानों पर सटीक हमला किया है।

इस सफल हवाई हमले ने देश में गर्व और उत्साह का माहौल पैदा किया है। इस ऐतिहासिक सैन्य कार्रवाई की जानकारी देने के लिए दो महिला सैन्य अधिकारियों, कर्नल सोफिया कुरैशी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह, ने पहली बार एक साथ मीडिया के सामने आकर इस मिशन की रणनीति और सफलता की कहानी साझा की।

कर्नल सोफिया कुरैशी: एक प्रेरणा

पहलगाम के बैसरन क्षेत्र में हुए आतंकी हमले की जिम्मेदारी द रेसिस्टेंस फ्रंट (TRF) ने ली, जिसे भारतीय खुफिया एजेंसियों ने जैश-ए-मोहम्मद और लश्कर-ए-तैयबा से जोड़ा। इस हमले ने देश में आक्रोश फैलाया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आतंकवादियों को कठोर सजा देने का वादा किया। रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (RAW) की खुफिया जानकारी के आधार पर भारतीय वायुसेना ने राफेल जेट्स से स्कैल्प क्रूज मिसाइल और हैमर मिसाइलों का उपयोग कर बहावलपुर के आतंकी ठिकानों को नष्ट किया। इस कार्रवाई ने पाकिस्तान को हक्का-बक्का कर दिया और रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ को कहना पड़ा कि हम कोई एक्शन नहीं लेंगे।

कर्नल सोफिया कुरैशी की भूमिका

कर्नल सोफिया कुरैशी भारतीय सेना की एक प्रमुख अधिकारी हैं जिन्होंने ऑपरेशन सिंदूर की प्रेस कॉन्फ्रेंस में आतंकी ठिकानों के चयन की प्रक्रिया को विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि लक्ष्य मजबूत खुफिया जानकारी और सीमापार आतंकवाद में उनकी संलिप्तता के आधार पर चुने गए। कर्नल सोफिया ने नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए भारत की सटीक रणनीति को रेखांकित किया। उनकी बेबाकी और आतंकवाद के खिलाफ दृढ़ रुख ने पाकिस्तान के झूठे दावों को बेनकाब कर दिया। सोशल मीडिया पर उनकी प्रशंसा करते हुए एक यूजर ने लिखा कि कर्नल सोफिया ने पाकिस्तान को आईना दिखा दिया।

विंग कमांडर व्योमिका सिंह का योगदान

विंग कमांडर व्योमिका सिंह, जो 18 दिसंबर 2004 को भारतीय वायुसेना में कमीशन हुईं, एक कुशल हेलिकॉप्टर पायलट हैं। चीता और चेतक जैसे लड़ाकू हेलिकॉप्टर्स में उनकी महारत और हजारों घंटों का उड़ान अनुभव उन्हें विशिष्ट बनाता है। 2021 में त्रि-सेवा महिला पर्वतारोहण अभियान का हिस्सा बनकर उन्होंने माउंट मणिरंग (6595 मीटर) की चढ़ाई की थी। प्रेस कॉन्फ्रेंस में व्योमिका ने कहा कि हमने नागरिक जीवन और सुरक्षा को ध्यान में रखकर लक्ष्यों का चयन किया। अपनी प्रेरक कहानी साझा करते हुए उन्होंने बताया कि छठी कक्षा में अपने नाम ‘व्योमिका’ (आसमान को मुट्ठी में रखने वाली) से प्रेरित होकर उन्होंने वायुसेना में शामिल होने का फैसला किया।

नारी शक्ति का संदेश

ऑपरेशन सिंदूर की प्रेस कॉन्फ्रेंस में कर्नल सोफिया और विंग कमांडर व्योमिका के साथ विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने पाकिस्तान को कड़ा संदेश दिया। मिस्री ने कहा कि पाकिस्तान आतंकियों के लिए सुरक्षित पनाहगाह बन गया है। दोनों महिला अधिकारियों ने न केवल भारत की सैन्य शक्ति को प्रदर्शित किया बल्कि नारी शक्ति के माध्यम से देश की एकता और संकल्प को भी उजागर किया। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में लिखा गया कि मोदी जी ने ऑपरेशन सिंदूर के लिए नारी शक्ति को चुना। यह पाकिस्तान के लिए करारा जवाब है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *