दुर्गापुर के आईक्यू सिटी अस्पताल मे मरीज के परिजनों का हंगामा, परिसर में हवाई फायरिंग

दुर्गापुर। दुर्गापुर के आईक्यू सिटी अस्पताल शुक्रवार रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब इलाज से असंतुष्ट मरीज के परिजनों ने अचानक अस्पताल परिसर में हवा में गोलीबारी कर दी। यह सनसनीखेज घटना से दुर्गापुर के विजोन इलाके के शौभापुर स्थित आईक्यू सिटी अस्पताल परिसर में अफरा तफरी मच गई। पुलिस ने इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, अंगदपुर निवासी 68 वर्षीय बसुदेव पाल शुक्रवार सुबह मोटरबाइक से गिरकर घायल हो गए थे। पहले उन्हें सिटी सेंटर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती किया गया, लेकिन उनकी हालत बिगड़ने पर उन्हें शौभापुर के अस्पताल में स्थानांतरित किया गया। शुक्रवार सुबह से उनकी तबीयत और बिगड़ने लगी। मरीज के परिजनों का आरोप था कि अस्पताल में ठीक से इलाज नहीं हो रहा है। उन्होंने डॉक्टरों से सीधे बात करने की मांग की। अस्पताल प्रशासन ने दो परिजनों को अनुमति दी, लेकिन परिजन सभी को अंदर जाने देने की मांग करने लगे और लगातार विरोध प्रदर्शन करने लगे।
रात करीब 10:30 बजे पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। इसी दौरान एक परिजन ने अचानक अस्पताल परिसर के अंदर हवा में दो राउंड गोली चला दी। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि तीन राउंड फायरिंग हुई। आरोप है कि एक पुलिसकर्मी के साथ भी हाथापाई की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए आसनसोल दुर्गापुर पुलिस के एसीपी सुभीर राय के नेतृत्व में भारी पुलिस बल अस्पताल पहुंचा और चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि फायरिंग में इस्तेमाल किया गया हथियार लाइसेंसी था या नहीं। घटना के बाद अस्पताल परिसर में दहशत का माहौल बन गया। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *