सीबीआई ने अभिजीत मंडल की पत्नी को नोटिस भेजा

कोलकाता, 16 सितंबर  । आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में डॉक्टर की हत्या और दुष्कर्म मामले में गिरफ्तार टाला थाने के पूर्व ऑफिसर-इन-चार्ज (ओसी) अभिजीत मंडल की पत्नी को सीबीआई ने तलब किया है। जानकारी के अनुसार, उन्हें आज दोपहर 12:30 बजे तक सॉल्टलेक स्थित सीजीओ कॉम्प्लेक्स में उपस्थित होने के लिए कहा गया था। हालांकि दोपहर दो बजे तक वह नहीं पहुंची हैं। इसके साथ ही, सीबीआई ने एक वकील को भी बुलाया है, हालांकि उन्हें तलब करने का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है।

सीबीआई के सूत्रों के अनुसार, अभिजीत मंडल से लंबी पूछताछ के बाद उनके फोन से कई नंबर प्राप्त हुए हैं, जिनमें से कुछ पर वह अक्सर संपर्क करते थे। आरजी कर वारदात वाले दिन उनकी सबसे लंबी बातचीत पत्नी से हुई है।

इससे पहले, सीबीआई ने आरजी कर अस्पताल में भ्रष्टाचार के मामले की जांच शुरू की थी, जिसमें अस्पताल के पूर्व प्रधानाचार्य संदीप घोष और टाला थाने के ओसी अभिजीत मंडल को गिरफ्तार किया गया था। अभिजीत मंडल पर मुख्य आरोप यह है कि उन्होंने घटनास्थल को सुरक्षित नहीं रखा, सबूतों को नष्ट किया और जांच को गुमराह करने के लिए झूठी जानकारी दी।

सीबीआई ने दोनों आरोपितों को रविवार को सियालदाह अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें तीन दिन की सीबीआई हिरासत में भेज दिया गया। सीबीआई अब संदीप घोष और अभिजीत मंडल को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ करेगी।

इस मामले में एक और आरोपित सिविक वॉलंटियर संजय राय को पहले ही कोलकाता पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था, जो वर्तमान में प्रेसिडेंसी जेल में बंद हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *