सांकतोड़िया : आसनसोल नगरनिगम के डिसरगढ़ सुभाष सेतु से नियामतपुर के बीच पुरुलिया आसनसोल मुख्य सड़क की बदहाल जर्जर हो चुकी अवस्था को लेकर मंगलवार को कुल्टी ब्लॉक कांग्रेस सेवादल की ओर से सेवादल के अध्यक्ष मनीष बर्णवाल के नेतृत्व में पथावरोध किया गया। मौके पर कुल्टी ब्लॉक कांग्रेस के उपाध्यक्ष काजल दत्त, ब्लॉक सेवादल के उपाध्यक्ष सलाउद्दीन अंसारी, आजाद अंसारी, मो नईम सहित अन्य लोग उपस्थित थे। पथावरोध करीब एक घण्टा तक चला।
उल्लेखनीय है कि पुरुलिया आसनसोल मुख्य सड़क मार्ग एक व्यस्त मार्ग है। इस रास्ते से होकर बड़ी दूरी के यात्री वाहन से लेकर मालवाही वाहनों का भी आना जाना लगा रहता है। डिसरगढ़ से नियामतपुर के बीच स्थानीय क्षेत्र में बाजार, स्कूलें, सार्वजनिक प्रतिष्ठान आदि हैं। इस भाग में सड़क पर कई जगहों पर छोटे बड़े गड्ढे उभर आये हैं। साथ ही पूरा रास्ता जर्जर हालत में देखा जा सकता है। वाहनों के उलटने, दुर्घटना ग्रस्त होने की आशंका बनी रहती है। इसे देखते हुए डिसरगढ़ मोड़ पर कुल्टी ब्लॉक कांग्रेस सेवादल द्वारा सड़क जाम कर अविलम्ब इसे मरम्मत कर ठीक करने की मांग की गई।
उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सड़क कार्य के नाम पर मरहम पट्टी की गई तो हम फिर पथावरोध को बाध्य होंगे। उन्होंने इसे भलीभांति बनाने की मांग की। इस दौरान पुलिस उन्हें अवरोध हटाने का आग्रह करते नजर आए। हालांकि करीब एक घंटे के बाद पथावरोध हटा लिया गया।