ममता बनर्जी का अपमान करोगे तो मां-बहनों की…TMC नेता के बिगड़े बोल, पार्टी ने लिया ये एक्शन

 

कोलकाता, 2 सितंबर । तृणमूल कांग्रेस ने अपने नेता अतिश सरकार को विवादित बयान के बाद पार्टी से सस्पेंड कर दिया है। पार्टी के इस निर्णय की जानकारी तृणमूल कांग्रेस के प्रवक्ता कुणाल घोष ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए दी। उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस इस तरह के बयान की निंदा करती है।

यह घटना अशोकनगर के कल्याणगढ़ नगरपालिका क्षेत्र में एक पार्टी कार्यक्रम के दौरान हुई थी। कार्यक्रम के मंच पर मां-बहनों का सम्मान, हमारा सम्मान के बैनर के सामने खड़े होकर अतिश सरकार ने कहा, अगर हम ‘फोंस’ करेंगे, तो आपके घर की मां-बहनों की तस्वीरें विकृत कर दरवाजे पर टांग देंगे, तो आप उसे हटा नहीं पाएंगे। वह दिन अब दूर नहीं है। मैं यहां जिम्मेदारी लेकर यह कह रहा हूं। उन्होंने आगे कहा, ममता बनर्जी ने ‘फोंस’ करने को कहा है, सावधान हो जाइए। अगर हम हर गली-मुहल्ले में ‘फोंस’ करना शुरू कर दें, तो क्या आप घर से बाहर निकल पाएंगे?

यह बयान ममता बनर्जी के एक हालिया भाषण के संदर्भ में था, जिसमें उन्होंने कहा था, जो आपको रोज़ काटता है, उसे काटिए मत, लेकिन ‘फोंस’ (फुफकार) तो कर सकते हैं। ममता बनर्जी की इसी टिप्पणी का संदर्भ लेते हुए अतिश सरकार ने यह विवादित बयान दिया, जिससे राज्य की राजनीति में हंगामा मच गया।

बंगाल भाजपा अध्यक्ष और बालुरघाट के सांसद सुकांत मजूमदार ने अतिश सरकार के इस बयान का हिस्सा एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए उन्हें तृणमूल के गुणधर लंपट ब्रिगेड कहकर तंज कसा।

तृणमूल कांग्रेस ने अपने बयान में कहा है कि अतिश सरकार को एक साल के लिए पार्टी से सस्पेंड कर दिया गया है और इस तरह के बयान की निंदा करती है। तृणमूल प्रवक्ता कुणाल घोष ने एक्स पर लिखा, जिस नेता ने मां-बहनों के सम्मान पर विकृत टिप्पणी की थी, उसे चिह्नित कर तृणमूल ने एक साल के लिए सस्पेंड करने का फैसला किया है। पार्टी इस व्यवहार की निंदा करती है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *