
कोलकाता, 27 अगस्त । मंगलवार को नवान्न अभियान के दौरान हिरासत में लिए गए लोगों की रिहाई की मांग को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने लालबाज़ार पुलिस मुख्यालय का घेराव किया है। इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व भाजपा के राज्य अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने किया, जिनके साथ कई प्रमुख भाजपा नेता भी शामिल हुए।
भाजपा के इस अभियान का मुख्य उद्देश्य नवान्न अभियानों में गिरफ्तार किए गए लोगों की रिहाई सुनिश्चित करना था। सुकांत मजूमदार ने दावा किया कि बुधवार को भाजपा द्वारा बुलाया गया बंगाल बंद पूरी तरह से सफल रहेगा। इसके साथ ही भाजपा ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के इस्तीफे की भी मांग की।
जब भाजपा की रैली लालबाज़ार के पास पहुंची, तो पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इसके बाद भाजपा समर्थकों और पुलिस के बीच तीखी बहस हुई। स्थिति तब और गंभीर हो गई जब भाजपा नेता और कार्यकर्ता सड़क पर बैठ गए और ‘हम न्याय चाहते हैं’ और ‘हाय-हाय ममता बनर्जी’ जैसे नारे लगाने लगे।
इस विरोध प्रदर्शन में सुकांत मजूमदार के साथ इंद्रनील घोष, लॉकेट चटर्जी और रुद्रनील घोष जैसे प्रमुख नेता शामिल थे। भाजपा समर्थकों ने ममता सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया और अपनी मांगों पर अडिग रहे।
लालबाज़ार का यह घेराव अभियान कोलकाता में भाजपा के बढ़ते विरोध प्रदर्शनों का हिस्सा है, जिससे आने वाले दिनों में राज्य की राजनीति में उथल-पुथल की संभावना जताई जा रही है।
