कोलकाता में कांग्रेस दफ्तर के बाहर मल्लिकार्जुन खड़गे की तस्वीर पर पोती गई कालिख

Ink on the poster

कोलकाता, 19 मई । कोलकाता में कांग्रेस दफ्तर के बाहर लगे पोस्टर में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की तस्वीर पर कालिख देखी गई है। पोस्टर में कांग्रेस नेता सोनिया गांधी, राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की तस्वीर है। इसमें मल्लिकार्जुन खड़गे की तस्वीर पर स्याही पोती गई है। राजनीतिक हलकों में इस घटना को कांग्रेस में अंदरूनी कलह का नतीजा माना जा रहा है। दूसरी तरफ कांग्रेस ने इसके लिए तृणमूल कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया। पुलिस में शिकायत भी की है।

दरअसल, ममता बनर्जी ने कुछ दिन पहले एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा था कि केंद्र में इंडी गठबंधन की सरकार बनने पर वह उसे बाहर से समर्थन देंगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी ने उनके इस बयान पर टिप्पणी करते हुए कहा था कि ममता बनर्जी पर भरोसा नहीं किया जा सकता है। वह भाजपा के साथ जा सकती हैं। अधीर रंजन के इस बयान के बाद शनिवार को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि ममता बनर्जी गठबंधन के साथ हैं। उन्होंने हाल ही में कहा है कि वह सरकार में शामिल होंगी। अधीर रंजन चौधरी फैसला नहीं लेंगे। फैसला मैं और आलाकमान लेंगे, जो सहमत नहीं होंगे वे बाहर जाएंगे। इसके बाद अधीर रंजन ने भी खड़गे के बयान पर असंतोष व्यक्त किया था। आज रविवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की तस्वीर पर स्याही पोते जाने से प्रांतीय और राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस नेतृत्व के बीच टकराव की अटकलों को बल मिला है। हालांकि प्रदेश कांग्रेस ने इस घटना के पीछे तृणमूल का हाथ होने की आशंका जाहिर की है। मामले को लेकर मध्य कोलकाता के कांग्रेस अध्यक्ष सुमन पाल ने एंटाली पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Open chat
1
Hello
Can we help you?