घायल कार्यकर्ता को देखने पहुंची रेखा पात्रा को घेर कर विरोध प्रदर्शन, घायल हुईं

 

कोलकाता, 30 अप्रैल ।बशीरहाट से भाजपा उम्मीदवार रेखा पात्रा को घेरकर विरोध प्रदर्शन हुए हैं। खबर है कि उन पर भी हमले किए गए जिसकी वजह से वह घायल हुई हैं। घटनास्थल बशीरहाट के मटिया थाना क्षेत्र का खारीडांगा है। तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने घेर कर विरोध प्रदर्शन किया जिसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं से धक्का मुक्की भी हुई है। दोनों पक्षों के बीच हुई झड़प से इलाका रणक्षेत्र में तब्दील हो गया था। सूचना मिलने के बाद बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया।
बशीरहाट ब्लॉक 2 के खारीडांगा में भाजपा प्रत्याशी रेखा के समर्थन में दीवार लेखन कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं को मारने पीटने का आरोप तृणमूल कार्यकर्ताओं पर लगा है। सोमवार को हुई इस घटना के बाद कई कार्यकर्ता घायल हो गए थे जिन्हें देखने के लिए मंगलवार को रेखा पहुंची थीं। कालिदास बचर नाम के एक बीजेपी कार्यकर्ता की कथित तौर पर पिटाई की गई। चोट गंभीर होने के कारण उन्हें बशीरहाट उपजिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। स्थानीय बीजेपी नेतृत्व के साथ रेखा ने वहां कालिदास से मिलने पहुंची थीं, जब विरोध प्रदर्शन हुए।
भाजपा ने आरोप लगाया कि खारीडांगा ग्राम प्रधान समीर बचर, उनके भाई मृणाल बचर और सिविल वॉलेंटियर बब्लू बचर ने हमला किया। भाजपा का दावा है कि बीजेपी प्रत्याशी रेखा पर लाठियों से हमला किया गया। भाजपा ने दावा किया कि रेखा के अलावा अर्चना मजूमदार और दुलाल रॉय भी घायल हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *