
अंडाल। दो दिनों से लापता एक युवक का शव शुक्रवार की सुबह करीब ग्यारह बजे अंडाल थाना क्षेत्र के धंधाडीही ग्राम इलाके स्थित एक परित्यक्त ओसीपी से बरामद किया गया। इस घटना को लेकर इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 38 वर्षीय जितेंद्र कुमार सिंह के रूप में हुई है और वह माधवपुर कोलियरी इलाके का रहने वाला बताया जा रहा है। वह राजमिस्त्री के मजदूर का काम करता था। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, जितेंद्र कुमार सिंह बृहस्पतिवार की सुबह घर से निकला था। इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटा। बताया जाता है कि मृतक के परिजन शुक्रवार की सुबह जितेंद्र कुमार सिंह की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करवाने के लिए थाना गए थे। इस दौरान उन्हें पता चला कि धंधाडीही इलाके में पानी से भरे परित्यक्त ओसीपी के से एक युवक का शव बरामद किया गया है। बाद में परिजनों ने ओसीपी से बरामद किए गए शव की पहचान की तो पता चला कि वह शव जितेंद्र कुमार सिंह का है जिसके बाद परिवार में मातम छा गया है। इसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हालांकि उस युवक की मौत कैसे हुई इस पर अभी भी रहस्य बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद युवक की मौत के सटीक कारणों का पता चल सकेगा। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार मृतक की मां लंबे समय से बीमार चल रही हैं, पहले उन्हें अंडाल के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, फिर कुछ दिन पहले उन्हें रानीगंज के दूसरे निजी अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया था. स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, कुछ दिन पहले उनकी मां को अस्पताल से घर लाया गया था, जिसके बाद जितेंद्र अचानक गायब हो गया।
