कोलकाता, 15 जून । पश्चिम बंगाल में पंचायत चुनाव की घोषणा के बाद से ही नामांकन को केंद्र कर हिंसा की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा घटना उत्तर दिनाजपुर के चोपड़ा की है। यहां बीडीओ दफ्तर में नामांकन दाखिल करने पहुंचे माकपा और कांग्रेस उम्मीदवारों और उनके समर्थकों को घेरकर फायरिंग हुई है। इसका आरोप सत्तारूढ़ पार्टी तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर लगा है। फायरिंग की घटना में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें इस्लामपुर महकमा अस्पताल में भर्ती किया गया। यहां एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया गया है। वह माकपा कार्यकर्ता बताया जा रहा है। हालांकि उसकी पहचान फिलहाल उजागर नहीं हो पाई है। घायलों में से एक ने कहा कि तृणमूल कार्यकर्ताओं ने हमें घेर कर फायरिंग की है। पुलिस वहीं खड़ी थी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
चोपड़ा से तृणमूल कांग्रेस के विधायक हमीदुल रहमान ने कहा कि इस घटना से तृणमूल का कोई लेना देना नहीं है। किसने गोली चलाई है, यह जांच का विषय है। पुलिस अपना काम करेगी। उन्होंने कहा कि विपक्ष के लोग सिंपैथी के लिए खुद पर गोलीबारी करवा रहे हैं।