कोलकाता । यूनेस्को वर्ल्ड हेरिटेज अवॉर्ड के बाद अब बंगाल की दुर्गा प्रतिमा को कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर रखा गया है। बारानगर के न-पाड़ा दादाभाई संघ की इस वर्ष की थीम सिलिकॉन से बनी दुर्गा प्रतिमा थी। इसे सिलिकॉन आर्टिस्ट सुबिमल दास ने बनाया है। वह दुर्गा मूर्ति अब कोलकाता अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर है। फाइनल चेक-इन के बाद एयरपोर्ट में प्रवेश करते ही लोगों को बाईं ओर यह मूर्ति दिखाई देगी। पूजा समिति के सदस्य और स्थानीय पार्षद अंजन पाल ने इस संदर्भ में कहा कि हमारे पास पूजा को लेकर एक अनोखा आइडिया था। हम सिलिकॉन दुर्गा प्रतिमा का विसर्जन नहीं करना चाहते थे और हमारे पास इसे बचाने की ताकत नहीं है। तो मेरा इरादा था मां दुर्गा को ऐसी जगह स्थापित करना था जहां देश भर के लोग इसे देख सकें। ऐसे में एयरपोर्ट से बेहतर जगह और क्या हो सकती है।
अंजन पाल ने आगे कहा कि इससे पहले 2021 की मूर्ति रवींद्र सरोवर की आर्ट गैलरी में है। इस बार हमारी सिलिकॉन की मूर्तियाँ पूरे भारत में लोकप्रिय हुईं। मैं देश भर के लोगों तक पहुंचने के लिए हवाई अड्डे के अधिकारियों से बात की। अधिकारियों ने मंत्रालय से बात की और मुझे अनुमति के बारे में सूचित किया। फिर एयरपोर्ट पर प्रतिमा स्थापित की गई। प्रतिमा के सामने खड़े होकर यात्रियों का फोटो सेशन शुरू हो चुका है।
