
चेयरमैन विजय शर्मा ने अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर किया स्वागत, डीएम एस. पन्नोबलम का भी हुआ अभिनंदन
आसनसोल(आकाश शर्मा)। बिहार के बेगूसराय से सांसद एवं केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल के जमुड़िया स्थित श्री मां ग्रुप के प्रतिष्ठित औद्योगिक प्रतिष्ठान श्री मां टेक्सटाइल का दौरा किया। इस अवसर पर श्री मां ग्रुप के चेयरमैन विजय शर्मा ने केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह को अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर गर्मजोशी के साथ स्वागत एवं अभिनंदन किया। साथ ही पश्चिम बर्दवान के जिलाधिकारी एस. पन्नोबलम का भी स्वागत किया गया।
इस दौरान विजय शर्मा ने केंद्रीय मंत्री के साथ वस्त्र उद्योग से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। उन्होंने कंपनी की औद्योगिक गतिविधियों, उत्पादन क्षमता, भविष्य की योजनाओं तथा वस्त्र उद्योग के विकास की संभावनाओं से मंत्री को अवगत कराया।
दौरे के दौरान केंद्रीय मंत्री ने श्री मां टेक्सटाइल परिसर का निरीक्षण किया और कंपनी की कार्यप्रणाली, उत्पादन प्रक्रिया तथा निर्यात संबंधी गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने कंपनी की उपलब्धियों और औद्योगिक क्षेत्र में उसके योगदान की सराहना की।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि पश्चिम बंगाल में लगभग 15 वर्षों तक तृणमूल कांग्रेस की सरकार रहने के दौरान भी श्री मां टेक्सटाइल ने जिस तरह अपनी औद्योगिक पहचान बनाई और निरंतर प्रगति की, वह सराहनीय है। उन्होंने इस क्षेत्र में उद्योग के सफल संचालन को पत्थर पर घास उगाने जैसी चुनौतीपूर्ण उपलब्धि बताया।
केंद्रीय मंत्री ने अपने दौरे के संबंध में कहा कि पश्चिम बंगाल के जमुड़िया स्थित श्री मां टेक्सटाइल का दौरा करना सुखद अनुभव रहा। उन्होंने कहा कि यह जानकर प्रसन्नता हुई कि पहले राज्य से बाहर उद्योग स्थानांतरित करने पर विचार कर रही कंपनी अब नई भाजपा सरकार के गठन के बाद जमुड़िया में ही अपने कारोबार का विस्तार कर रही है।
उन्होंने बताया कि कंपनी बाहर से सूत मंगाकर कपड़ों की प्रोसेसिंग, परिधान निर्माण और निर्यात का कार्य करती है। कंपनी का विस्तार स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने के साथ-साथ पश्चिम बंगाल को वस्त्र उद्योग के एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में अहम कदम साबित हो सकता है।
इस दौरे को जमुड़िया सहित पूरे पश्चिम बर्दवान जिले के औद्योगिक विकास, निवेश और रोजगार सृजन की संभावनाओं के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
