राष्ट्रीय एकता दिवस पर आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट ने लिया एकता और अखंडता का संकल्प

सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर पुलिस कमिश्नर डॉ. प्रणव कुमार ने अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को दिलाई शपथ, निकाला गया मार्च पास्ट
आसनसोल। भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर शनिवार को आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट की ओर से राष्ट्रीय एकता दिवस पूरे सम्मान और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के प्रति पुलिस बल ने अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस कमिश्नर डॉ. प्रणव कुमार ने कमिश्नरेट के विभिन्न पदों पर तैनात अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ दिलाई। सभी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और आंतरिक सुरक्षा को अक्षुण्ण बनाए रखने तथा देश की संप्रभुता की रक्षा के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।


इस मौके पर पुलिस कमिश्नरेट की ओर से एक भव्य मार्च पास्ट का भी आयोजन किया गया। इसमें पुलिस अधिकारियों और जवानों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लेते हुए अनुशासन, एकजुटता और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम के माध्यम से सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में अतुलनीय योगदान और अखंड भारत के उनके संकल्प को श्रद्धापूर्वक याद किया गया। पुलिस कमिश्नरेट ने राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव और देश की सुरक्षा के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प दोहराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *