जामुड़िया के परसिया जनकल्याण समिति के दुर्गापूजा पंडाल का उद्घाटन, सामाजिक एकता और भाईचारे का दिया संदेश

ईसीएल के महाप्रबंधक अमित कुमार सिन्हा और बीएमएस नेता जयनाथ चौबे ने संयुक्त रूप से किया उद्घाटन, सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां

जामुड़िया। दुर्गोत्सव के उल्लास और मां दुर्गा के स्वागत की उमंग के बीच जामुड़िया के परसिया जनकल्याण समिति के दुर्गापूजा पंडाल का विधिवत उद्घाटन किया गया। सैकड़ों महिलाओं की उपस्थिति में ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) के कुनुस्तोड़िया क्षेत्र के महाप्रबंधक अमित कुमार सिन्हा और भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) की केंद्रीय कार्यकारिणी के सदस्य जयनाथ चौबे ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर तथा फीता काटकर पंडाल का शुभारंभ किया। उद्घाटन समारोह में अतिथियों का सम्मान किया गया। इसके साथ ही नृत्य, गीत-संगीत और विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उत्सव के माहौल को और भी आकर्षक बना दिया। समारोह को संबोधित करते हुए ईसीएल के कुनुस्तोड़िया क्षेत्र के महाप्रबंधक अमित कुमार सिन्हा ने कहा कि दुर्गापूजा के पंचमी तिथि पर पंडाल का उद्घाटन करना शुभ माना जाता है। मां दुर्गा का आगमन हो चुका है और पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा है। उन्होंने कहा कि दुर्गापूजा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि आपसी मेलजोल, भाईचारे और सामाजिक एकता को मजबूत करने का भी अवसर है। इस त्योहार को सभी लोगों को मिल-जुलकर मनाना चाहिए, ताकि समाज में सद्भाव और सौहार्द की भावना बनी रहे। उन्होंने पूजा आयोजकों और स्थानीय लोगों से अपील की कि उत्सव के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखें तथा ऐसा कोई कार्य न होने दें, जिससे किसी प्रकार की अप्रिय घटना घटित हो। उन्होंने कहा कि दुर्गोत्सव सभी के लिए खुशियां लेकर आए और पूरे क्षेत्र में शांतिपूर्ण वातावरण बना रहे, यही उनकी कामना है। वहीं, बीएमएस नेता जयनाथ चौबे ने परसिया जनकल्याण समिति की सराहना करते हुए कहा कि समिति ने अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। यही कारण है कि दूर-दराज के क्षेत्रों से भी लोग यहां का पूजा पंडाल देखने पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि दुर्गापूजा जैसे उत्सवों को पूरे उत्साह और सहभागिता के साथ मनाने की जरूरत है। ऐसे आयोजन समाज के विभिन्न वर्गों को एक मंच पर लाते हैं और लोगों के बीच आपसी संबंधों को मजबूत करते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस उत्सव के माध्यम से सामाजिक सद्भाव और राष्ट्रीय एकता का संदेश व्यापक स्तर पर पहुंचेगा। समारोह में भाजपा के आसनसोल सांगठनिक जिला अध्यक्ष देवतनु भट्टाचार्य, केंदा पुलिस फांड़ी के प्रभारी मदन मोहन दत्ता, बीएमएस के महासचिव महेंद्र गुप्ता, भाजपा के जामुड़िया मंडल अध्यक्ष राहुल बाउरी और बीएमएस नेता पंकज तिवारी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। परसिया जनकल्याण समिति की ओर से अध्यक्ष दारा बाउरी, सचिव पवन सिंह तथा समिति के अन्य पदाधिकारियों ने आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।

उद्घाटन समारोह में उमड़ी महिलाओं की भीड़ और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में लोगों की भागीदारी ने उत्सव के प्रति स्थानीय लोगों के उत्साह को दर्शाया। आयोजन के माध्यम से समिति ने धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे की भावना को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *