
सेठ सूरजमल जालान बालिका विद्यालय में सतर्कता जागरूकता अभियान
कोलकाता। सेठ सूरजमल जालान बालिका विद्यालय के प्राथमिक विभाग में पोस्टर अंकन एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित हुई। भारत सरकार की महारत्न कंपनी कोल इंडिया लिमिटेड के सौजन्य से सतर्कता जागरूकता अभियान के अंतर्गत ‘स्वच्छता’ और ‘ईमानदार बनो’ विषय पर पोस्टर प्रतियोगिता में कक्षा 2 एवं 3 की 140 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। छात्राओं ने रंग-बिरंगे और सार्थक पोस्टरों के माध्यम से अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रधानाध्यापिका अन्नू सिंह ने कहा कि पोस्टर प्रतियोगिता चित्रकला कौशल निखारने के साथ ही छात्राओं के आत्मविश्वास और एकाग्रता को बढ़ाती है। उन्होंने बताया कि यह आयोजन बचपन से ही ईमानदारी, सत्यनिष्ठा और नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता विकसित करने के उद्देश्य से किया गया।
प्रतियोगिता में श्रेयांशी साव (2-ए) और नव्या शर्मा (3-सी) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। द्वितीय स्थान पर परी सिंह (2-ए) और पायल कुमारी केवट (3-ए) रहीं, जबकि जानवी जायसवाल (2-बी) और आरुषि गुप्ता (3-ए) ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान हासिल किया। निर्णायक मंडल में देबलग्ना बर्मन, हिना खातून और अनामिका काकड़ा उपस्थित रहीं।
प्रश्नोत्तरी में 148 छात्राओं ने लिया हिस्सा
आयोजन के दूसरे चरण में ‘सतर्कता जागरूकता’ विषय पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता हुई, जिसमें कक्षा 4 और 5 की 148 छात्राओं ने भाग लिया। प्रश्नोत्तरी का मुख्य विषय ईमानदारी, सत्यनिष्ठा, उदारता, साझा करना और दयालुता जैसे नैतिक मूल्य रहे। सुश्री स्वर्णिमा मुखर्जी ने कार्यक्रम को रोचक और संवादात्मक ढंग से संचालित किया।
प्रश्नोत्तरी में आकृति श्रीवास्तव (4-बी) और स्नेहा सिंह (5-ए) ने प्रथम स्थान पाया। माहेरा खान (4-ए) और आयशा जन्नत (5-बी) द्वितीय स्थान पर रहीं, जबकि अक्षिता गुप्ता (4-बी) और अंजलि रजक (5-बी) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। निर्णायक मंडल में सुश्री चित्रिता सेनगुप्ता, पूजा बनर्जी और तनुराधा रॉय शामिल रहीं।
विद्यालय के सचिव भागीरथ सारस्वत ने कहा कि कला के माध्यम से सीखने से बाल मन पर स्थायी प्रभाव पड़ता है। उनके अनुसार ऐसी प्रतियोगिताएँ छात्राओं में आत्मविश्वास, टीम भावना और अच्छी आदतों का विकास करती हैं।
कोल इंडिया के मुख्य सतर्कता अधिकारी ब्रजेश कुमार त्रिपाठी ने अपनी टीम के साथ कार्यक्रम में शिरकत की और बच्चों का हौसला बढ़ाया। उन्होंने बच्चों को समझाया कि उदारता और दयालुता जैसे मूल्य उन्हें अच्छा मित्र और जिम्मेदार नागरिक बनने में सहायक होते हैं। विद्यालय की उप प्रधानाध्यापिका सुमेरा सज्जा ने विजेता छात्राओं को बधाई दी और इस पहल के लिए कोल इंडिया का आभार व्यक्त किया।
