जामुड़िया में जनता सेवा केंद्र का उद्घाटन, विधायक बिजन मुखर्जी ने कहा—जनता की सेवा ही भाजपा का लक्ष्य

सैंकड़ो जरूरतमंद महिलाओं के बीच बांटे वस्त्र

जामुड़िया। आम लोगों की समस्याओं के समाधान और जरूरत के समय उनकी सहायता के उद्देश्य से जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र के जामुड़िया बाजार में अग्रसेन भवन के समीप जनता सेवा केंद्र का उद्घाटन किया गया। जामुड़िया के विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी ने फीता काटकर केंद्र का शुभारंभ किया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के लोगों के सुख-दुख में सहभागी बनना और जरूरत के समय उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराना है। उद्घाटन के अवसर पर विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी ने कहा कि त्योहारों का समय सामने है। ऐसे में आम लोगों को किसी भी प्रकार की परेशानी या सहायता की आवश्यकता होने पर वे जनता सेवा केंद्र पहुंचकर अपनी समस्या रख सकते हैं। केंद्र में उनकी अर्जी स्वीकार की जाएगी और समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक पहल की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनता की सेवा करना और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए काम करना ही भाजपा का मुख्य उद्देश्य है। जनता सेवा केंद्र के माध्यम से क्षेत्र के लोगों को जरूरत के समय सहयोग उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। विधायक ने कहा कि जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी केवल राजनीतिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि आम लोगों के सुख-दुख में उनके साथ खड़ा रहना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। जनता को किसी प्रकार की परेशानी होने पर उनकी समस्याओं को सुनना और यथासंभव समाधान का प्रयास करना जरूरी है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए जनता सेवा केंद्र शुरू किया गया है, ताकि लोग अपनी जरूरतों और समस्याओं को लेकर यहां पहुंच सकें।कार्यक्रम के दौरान आगामी दुर्गापूजा को ध्यान में रखते हुए सैकड़ों जरूरतमंद महिलाओं के बीच वस्त्र भी बांटे गए। इस पहल का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की महिलाओं को त्योहार की खुशियों में सहभागी बनाना है, ताकि आर्थिक कठिनाइयों के कारण कोई भी परिवार दुर्गापूजा के उल्लास से वंचित न रहे। वस्त्र वितरण के माध्यम से जरूरतमंद महिलाओं के चेहरों पर त्योहार की खुशियां लाने का प्रयास किया गया।
कार्यक्रम में भाजपा जिला कमेटी के सदस्य राणा बनर्जी, निरंजन सिंह, विश्वजीत मिश्रा, राहुल शर्मा, दिवाकर मिश्रा, जयंत भगत, बाबू भगत, अभिनव मिश्रा, दिवाकर सिंह, रेणुका महतो और पूजा पासवान सहित अन्य कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका रही। जनता सेवा केंद्र की शुरुआत और वस्त्र वितरण कार्यक्रम के माध्यम से क्षेत्र में जनसेवा तथा जरूरतमंदों की सहायता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *